चित्रकूट: 31 दिसंबर तक कराएं रबी फसलों का बीमा, मात्र 1.5% प्रीमियम में मिलेगा सुरक्षा कवच

Chitrakoot News: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत चित्रकूट के किसान 31 दिसंबर 2026 तक गेहूं, चना, सरसों व मसूर का बीमा करा सकते हैं। जानें प्रति हेक्टेयर प्रीमियम दर।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 24 Nov 2026 2:55 PM IST
चित्रकूट: 31 दिसंबर तक कराएं रबी फसलों का बीमा, मात्र 1.5% प्रीमियम में मिलेगा सुरक्षा कवच
X

Chitrakoot News: प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की मार से फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी मौसम 2026 की बीमा प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले के किसान अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा 31 दिसंबर 2026 तक करा सकते हैं। योजना के तहत किसानों को बीमित राशि का मात्र 1.5 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा। फसल बीमा किसानों को संकट की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगा।

उप कृषि निदेशक जीत लाल गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत गेहूं, चना, मसूर, सरसों और जौ की फसलों को शामिल किया गया है। किसानों को प्रति हेक्टेयर निर्धारित प्रीमियम के अनुसार जौ के लिए 775.50 रुपये, चना के लिए 913.50 रुपये, मसूर के लिए 756 रुपये, सरसों के लिए 631.50 रुपये और गेहूं के लिए 954 रुपये जमा करने होंगे। योजना का लाभ ऋणी और गैर ऋणी दोनों श्रेणी के किसान स्वैच्छिक रूप से ले सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जो ऋणी किसान फसल बीमा योजना का लाभ नहीं लेना चाहते हैं, उन्हें अंतिम तिथि से सात दिन पहले अपनी संबंधित बैंक शाखा में लिखित सूचना देनी होगी। ऐसा नहीं करने पर बैंक उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर पात्र किसानों का बीमा कर प्रीमियम की कटौती कर सकता है।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि अतिवृष्टि, प्रतिकूल मौसम और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को नुकसान होने की स्थिति में बीमा किसानों के लिए आर्थिक सहारा बन सकता है। इसलिए किसान अंतिम समय का इंतजार किए बिना अपनी फसलों का बीमा करा लें। इसके लिए नजदीकी जनसेवा केंद्र अथवा कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने जिले के किसानों से अपील की कि 31 दिसंबर से पहले अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा कराकर योजना का लाभ उठाएं।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Shukla (Chitrakoot)

sunilshukla@newstracksite.vocalwire.com
Next Story