TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: घर के पीछे आंगन में सो रहे बुजुर्ग की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, कई संदिग्ध हिरासत में
Chitrakoot News: चित्रकूट में सनसनीखेज वारदात: घर के आंगन में सो रहे बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर कई संदिग्धों को उठाया।
Chitrakoot News(Photo-Social Media)
Chitrakoot News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के बहिल पुरवा थाना क्षेत्र स्थित सेमरदहा गांव में गुरुवार की रात सोते समय बुजुर्ग को अज्ञात लोगों ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। बुजुर्ग घर के पीछे की तरफ खुले आंगन में सो रहा रहा था। तभी हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भाग निकले। दरअसल शुक्रवार को सुबह घर से बाहर निकले परिजनों ने बुजुर्ग का शव खून से लथपथ चारपाई में पड़ा पाया। सूचना पर एसपी, एएसपी समेत अन्य अधिकारी मौके में पहुंच गए है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जनपद के सेमरदहा निवासी 70 वर्षीय रामनरेश कोटार्य गुरुवार की शाम खाना खाने के बाद घर की पीछे की तरफ आंगन में सो रहा था। आंगन खुले में है, जिसमें कोई भी व्यक्ति पहुंच सकता है। बुजुर्ग के दोनो बेटे लल्लू व कल्लू छत पर सो रहे थे। आधी रात के समय जब रामनरेश गहरी नींद में सो गए, उसी दौरान पहुंचे अज्ञात लोगों ने उस पर कुल्हाड़ी से चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई।
वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। जिसके बाद शुक्रवार को सुबह जब परिजनों की नींद खुली और घर से बाहर निकले तो बुजुर्ग का शव खून लथपथ चारपाई में पड़ा पाया। बताते हैं कि बगल में ही रहने वाले बिरादरी के कुछ लोग भी बाहर सो रहे थे, जिनको घटना की भनक तक नहीं लग पाई। परिजनों की सूचना पर बहिल पुरवा थाना प्रभारी सत्यमपति त्रिपाठी मौके पर पहुंचे।
वहीं कुछ ही देर में फॉरेंसिक टीम के साथ अन्य पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए। फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आई है। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर साक्ष्य संकलन किया। एसपी अरुण कुमार सिंह, एएसपी पीयूषकांत राय ने पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश से लेकर अन्य बिंदुओं पर बारीकी से तहकीकात में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


