Chitrakoot News: गैंगरेप मामला, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपित घायल, दो फरार

Chitrakoot News: देवांगना घाटी सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने सीसीटीवी, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपितों की पहचान की, मुठभेड़ में एक आरोपित घायल हुआ, एक सिपाही भी घायल हुआ।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 25 July 2026 10:49 PM IST
Gangrep case, one accused injured in police encounter, two escaped
X

गैंगरेप मामला, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपित घायल, दो फरार (Photo- Newstrack)

Chitrakoot News: चित्रकूट के बहिल पुरवा थाना क्षेत्र स्थित देवांगना घाटी के जंगल में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को पुलिस और आरोपितों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें गैंगरेप का एक आरोपित पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। वहीं मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ। दोनों को पहले सीएचसी शिवरामपुर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले के दो अन्य आरोपित अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश लगातार जारी है।

22 जुलाई को जंगल में दोस्त के सामने युवती से किया था सामूहिक दुष्कर्म

घटना 22 जुलाई की है। शाम करीब चार बजे एक युवती अपने दोस्त के साथ देवांगना घाटी के जंगल में घूमने पहुंची थी। इसी दौरान वहां पहुंचे तीन युवकों ने दोनों का पीछा किया। पुलिस के मुताबिक पहले युवती और उसके दोस्त का वीडियो बनाया गया, फिर उन्हें डरा-धमकाकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी रही।

72 घंटे तक चला अभियान, 374 कैमरे और 6000 मोबाइल कॉल खंगाले

इस मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती तीनों अज्ञात आरोपितों की पहचान करना थी। न उनके नाम थे और न ही कोई स्पष्ट पहचान। ऐसे में पांच पुलिस टीमों ने लगातार 72 घंटे तक दिन-रात अभियान चलाया। पुलिस ने 18 स्थानों पर लगे 374 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही छह हजार मोबाइल कॉल का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान 58 संदिग्धों से पूछताछ की गई। लगातार सर्बिलांस, स्केच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आखिरकार पहले आरोपित तक पहुंचने में सफल रही।

पीड़िता और उसके दोस्त ने फोटो देखकर की आरोपितों की पहचान

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान तीनों आरोपितों की पहचान कर ली गई। इनमें जितेंद्र उर्फ भोले पटेल निवासी कल्ला चौकी शिवरामपुर, विवेक पटेल निवासी रैपुरवा माफी चौकी शिवरामपुर और प्रवीण पटेल निवासी मानपुर थाना भरतकूप हाल पता कल्ला शामिल हैं। सीसीटीवी फुटेज और सर्बिलांस के जरिए जुटाई गई तस्वीरें पीड़िता और उसके दोस्त को दिखाई गईं, जिन्होंने तीनों की पहचान की पुष्टि की।

50-50 हजार रुपये के इनामी घोषित किए गए थे तीनों आरोपित

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी बांदा राजेश एस ने तीनों आरोपितों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं और मुखबिरों के जरिए उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

मड़फा पहाड़ हुडा रोड पर हुई मुठभेड़

शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस भरतकूप थाना क्षेत्र स्थित मड़फा पहाड़ हुडा रोड पहुंची। वहां पुलिस का सामना आरोपितों से हो गया। पुलिस टीम को देखते ही आरोपित भागने लगे और इसी दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई।

मुठभेड़ के दौरान गैंगरेप का आरोपित जितेंद्र उर्फ भोले पटेल पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं बहिल पुरवा थाने में तैनात सिपाही राघवेन्द्र के दाहिने हाथ में गोली लगी। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने तमंचे और घटना में इस्तेमाल बाइक की बरामद

मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने 315 बोर के दो तमंचे और एक बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक इसी बाइक से तीनों आरोपित देवांगना घाटी के जंगल पहुंचे थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और गिरफ्तार कर लिया गया।

जंगल में बनाया था युवती और उसके दोस्त का वीडियो

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपित जंगल में पहुंचने के बाद युवती और उसके दोस्त का पीछा करते रहे। जब दोनों चट्टान पर बैठे थे, तब आरोपितों ने उनका वीडियो बनाया। इसके बाद उन्हें डराया-धमकाया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए आरोपित से पूछताछ कर रही है और उसके दो फरार साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अभी तक दोनों आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।


Sunil Shukla (Chitrakoot)
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Shukla (Chitrakoot)

sunilshukla@newstracksite.vocalwire.com
Next Story