TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: बरसात में दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा, प्रधानों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा
Chitrakoot News: चित्रकूट में बरसात के दौरान हनुवा पुल न होने से दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया। प्रधानों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
Chitrakoot News(Photo-Social Media)
Chitrakoot News: जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच हनुवा पुल का निर्माण न होने से दर्जनों गांवों के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत सड़क का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन नदी पर पुल नहीं बनने से बरसात के दिनों में ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों का तहसील और जिला मुख्यालय से संपर्क तक टूट जाता है।
जिला पंचायत सदस्य एवं प्रधान प्रतिनिधि तथा भाजपा नेता अरुण उर्फ मिंटू सिंह ने प्रधान साथियो के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं शासन-प्रशासन से हनुवा पुल का निर्माण शीघ्र कराए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुल के अभाव में ग्रामीणों को हर वर्ष बरसात के मौसम में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं और ग्रामीण आवश्यक कार्यों के लिए नदी किनारे घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं।
कहा की शिकायत के बाद लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता, सहायक अभियंता एवं अधिशासी अभियंता की ओर से जारी पत्र में आश्वस्त किया गया था कि हनुवा पुल निर्माण के कार्य को कार्ययोजना में शामिल कर शासन से स्वीकृति के लिए भेजा गया है। इसके बावजूद एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब विभाग द्वारा कार्य को कार्ययोजना में शामिल कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजे जाने की बात कही गई थी, तो आज तक पुल निर्माण की प्रक्रिया आगे क्यों नहीं बढ़ी? इस मामले में जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में नदी विकराल रूप ले चुकी है। 16 अगस्त 2026 को भी ग्रामीण नदी के किनारे आवागमन के लिए मजबूर दिखाई दिए। जलस्तर बढ़ने के कारण दर्जनों गांवों के लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित है। शासन-प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हनुवा पुल निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के दौरान ग्रामीणों को आवागमन की समस्या से स्थायी रूप से निजात मिल सके।


