TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: चित्रकूट में हीट वेव अलर्ट, मण्डलायुक्त ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
Chitrakoot News: चित्रकूट में भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए मण्डलायुक्त ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
Chitrakoot News(Photo-Social Media)
Chitrakoot News: प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए चित्रकूटधाम मण्डल के मण्डलायुक्त अजीत कुमार ने आमजन से विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है। शासन के दिशा-निर्देशों के क्रम में सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दोपहर 12 से 4 बजे तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह
मण्डलायुक्त ने कहा कि आगामी दिनों में तापमान सामान्य से अधिक रहने और लू चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। उन्होंने लोगों से सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढकने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी।
स्वास्थ्य पर पड़ सकता है गंभीर असर
मण्डलायुक्त ने बताया कि हीट वेव के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, उल्टी, सिरदर्द, बेहोशी और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए लोगों को ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहने की सलाह दी गई है।
श्रद्धालुओं और बच्चों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश
जिलाधिकारी पुलकिता गर्ग ने कहा कि चित्रकूट धर्मनगरी होने के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए। उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
किसानों और मजदूरों के लिए भी निर्देश
प्रशासन ने किसानों, श्रमिकों और खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों से अपील की है कि वे तेज धूप में काम करने से बचें और समय-समय पर छायादार स्थानों पर आराम करें।
गौशालाओं में विशेष व्यवस्था के निर्देश
जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को निर्देश दिए हैं कि सभी गौशालाओं और गौ आश्रय स्थलों में पर्याप्त पेयजल, हरा चारा और छायादार स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गर्मी से बचाव के लिए टीन शेड, टाट और बोरों पर नियमित पानी का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अस्पतालों में हीट स्ट्रोक वार्ड सक्रिय
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है कि सभी जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक वार्ड पूरी तरह सक्रिय रखे जाएं। पर्याप्त दवाएं, ओआरएस, आईवी फ्लूड, कूलर, पंखे और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पेयजल और बिजली व्यवस्था पर जोर
जल संस्थान, नगर निकाय और पंचायतीराज विभाग को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति सुचारु रखने और तेज हवा के दौरान लाइनों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील
मण्डलायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।


