Chitrakoot News: धर्मनगरी में पर्यटन विकास को बढ़ावा, कामदगिरि आरती स्थल बनकर तैयार

Chitrakoot News: धर्मनगरी चित्रकूट में करीब दो करोड़ की लागत से भव्य कामदगिरि आरती स्थल तैयार हुआ है, शाम होते ही रोशनी से जगमगाता स्थल श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 10 Aug 2026 10:15 PM IST (Updated on: 10 Aug 2026 11:02 PM IST)
Promote tourism development in Dharmanagari
X

धर्मनगरी में पर्यटन विकास को बढ़ावा, कामदगिरि आरती स्थल बनकर तैयार (Photo- Newstrack)

Chitrakoot News: चित्रकूट में धर्मनगरी के पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से लगातार काम कराया जा रहा है। इसी क्रम में परिक्रमा मार्ग स्थित बरहा हनुमान मंदिर के पास कामदगिरि आरती स्थल बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है। आरती स्थल तैयार होने के बाद यहां रोजाना शाम को आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ ही बाहर से चित्रकूट आने वाले लोग भी परिक्रमा के दौरान आरती में शामिल हो रहे हैं।


दो साल पहले शुरू हुई थी कामदगिरि की आरती

धर्मनगरी चित्रकूट में भगवान राम की तपोभूमि होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। रामघाट में वाराणसी की तर्ज पर पतित पावनी मां मंदाकिनी की शाम को आरती कई वर्षों से होती चली आ रही है। इस आरती में शामिल होने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचते हैं। इसी तरह कामदगिरि की आरती की शुरुआत करीब दो साल पहले बरहा हनुमान मंदिर के पास की गई थी।


अतिक्रमण हटने के बाद खाली हुई सरकारी जमीन

परिक्रमा मार्ग से अतिक्रमण हटाए जाने के बाद बरहा हनुमान मंदिर के पास काफी सरकारी भूमि खाली हुई थी। इसी भूमि पर कामदगिरि आरती स्थल का निर्माण शुरू कराया गया। पर्यटन विभाग की ओर से करीब दो करोड़ रुपये की लागत से यहां भव्य आरती स्थल तैयार किया गया है। आरती स्थल पर लाइटिंग की भी व्यवस्था कराई गई है। शाम होते ही पूरा आरती स्थल रोशनी से जगमगाने लगता है।


रोजाना आरती में जुट रही श्रद्धालुओं की भीड़

आरती स्थल तैयार होने के बाद यहां रोजाना शाम को आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। स्थानीय लोगों के अलावा बाहर से चित्रकूट आने वाले श्रद्धालु भी कामदगिरि की परिक्रमा के दौरान यहां होने वाली आरती में शामिल हो रहे हैं। इससे धर्मनगरी में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।

अब नए आरती स्थल पर पहुंच रहे श्रद्धालु

अब तक कामदनाथ प्रमुख द्वार, प्राचीन मुखारबिंद और तृतीय मुखारबिंद मंदिर में होने वाली आरती के दौरान श्रद्धालुओं की मौजूदगी रहती थी। बरहा हनुमान मंदिर के पास नया आरती स्थल तैयार होने के बाद यहां भी रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इससे कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर धार्मिक गतिविधियों के साथ पर्यटन सुविधाओं में भी विस्तार हुआ है।

परिक्रमा मार्ग पर अन्य काम भी कराए गए

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी ने बताया कि आरती स्थल का काम पूरी तरह पूरा हो चुका है। इसके साथ ही पास में परिक्रमा मार्ग के मुख्य निकास पर भव्य गेट का निर्माण भी कराया गया है। इसके अलावा यहां कई अन्य कार्य भी कराए गए हैं। पर्यटन विकास से जुड़े इन कार्यों का उद्देश्य धर्मनगरी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Shukla (Chitrakoot)

sunilshukla@newstracksite.vocalwire.com
Next Story