TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: कटैया डाड़ी गांव में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जनचौपाल का आयोजन
Chitrakoot News: चित्रकूट के कटैया डाड़ी गांव में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जनचौपाल आयोजित हुई। ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए।
Chitrakoot News(Photo-Social Media)
Chitrakoot News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद के मऊ ब्लॉक की ग्राम पंचायत कटैया डाड़ी में सरकार की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और योजनाओं के लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनचौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल ने की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी रही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए।
ग्रामीणों को योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
जनचौपाल के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और स्वरोजगार परक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि किस प्रकार वे इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर में सुधार कर सकते हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित भी किया।
पात्रों को ही मिले योजनाओं का लाभ, अपात्र पर होगी कार्रवाई
मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ केवल पात्र व्यक्तियों को ही दिया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों का चयन घर-घर जाकर डोर टू डोर सर्वे के माध्यम से किया जाए ताकि किसी भी वास्तविक लाभार्थी को योजना से वंचित न रहना पड़े। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर अपात्र व्यक्तियों को लाभ दिया गया तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पेयजल समस्या पर विशेष निर्देश
चौपाल के दौरान पेयजल समस्या को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि गांव में किसी भी स्थिति में पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नमामि गंगे पाइप पेयजल योजना के अंतर्गत यदि कहीं कोई समस्या आती है तो तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के आदेश
जनचौपाल में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं और मांगें प्रस्तुत की गईं। मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल ने सभी प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण की वास्तविक स्थिति का मौके पर जाकर आकलन किया जाए ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके।
अधिकारियों और ग्रामीणों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मऊ ओमप्रकाश यादव, ग्राम प्रधान उर्मिला देवी सहित विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय एवं जनपद स्तरीय अधिकारी, सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ और समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की गई।


