TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: खतरे के निशान से ऊपर पहुंची मंदाकिनी, दुकानदारों ने समेटा सामान, रामघाट पर अलर्ट
Chitrakoot News: लगातार बारिश से मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ा, रामघाट में बेरिकेडिंग कर पुलिस तैनात, निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह।
खतरे के निशान से ऊपर पहुंची मंदाकिनी, दुकानदारों ने समेटा सामान, रामघाट पर अलर्ट (Photo- Newstrack)
Chitrakoot News: चित्रकूट में यूपी-एमपी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते मंदाकिनी नदी एक बार फिर उफान पर आ गई है। शुक्रवार की शाम रामघाट में मंदाकिनी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। नदी का पानी रामघाट की दुकानों तक पहुंचने लगा है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। यूपी-एमपी प्रशासन ने भी बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।
गुरुवार रात से लगातार हो रही बारिश
धर्मनगरी चित्रकूट में मौसम बदलने के साथ गुरुवार की देर शाम से बारिश शुरू हुई थी। इसके बाद शुक्रवार को दिनभर लगातार बारिश होती रही और बूंदाबांदी का सिलसिला नहीं थमा। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को जोरदार बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया था। एमपी क्षेत्र में भी लगातार दो दिन से बारिश हो रही है। इसका असर मंदाकिनी के जलस्तर पर दिखाई दिया। शुक्रवार की दोपहर से नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हुआ और शाम पांच बजे के बाद इसमें तेजी से बढ़ोतरी हुई। देर शाम मंदाकिनी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई।
रामघाट जाने वाले रास्तों पर बेरिकेडिंग
मंदाकिनी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए यूपी प्रशासन ने रामघाट की ओर जाने वाले रास्तों पर बेरिकेडिंग करा दी है। यहां पुलिस टीमों को भी तैनात किया गया है। लोगों को रामघाट की तरफ जाने से रोका जा रहा है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के लिए सतर्क किया गया है।
दुकानदारों ने समेटा सामान
मंदाकिनी का पानी रामघाट की दुकानों तक पहुंचने के बाद दुकानदारों में भी चिंता बढ़ गई। दुकानदार आनन-फानन अपनी दुकानों का सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने लगे। पिछले 29 अगस्त को मंदाकिनी में आए जलप्रलय को देखते हुए एक बार फिर धर्मनगरी के लोगों की चिंता बढ़ गई है। सिंचाई विभाग ने नदी का जलस्तर अभी लगातार बढ़ने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन यूपी-एमपी क्षेत्र में नदी के बढ़ते जलस्तर और निचले इलाकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


