Chitrakoot: चित्रकूट में मंत्री नन्दी का भव्य स्वागत, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं

Chitrakoot News: चित्रकूट में प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 13 Jun 2026 8:22 PM IST
Chitrakoot: चित्रकूट में मंत्री नन्दी का भव्य स्वागत, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं
X

Chitrakoot News

Chitrakoot News: मिर्जापुर के साथ ही धर्मनगरी चित्रकूट जनपद का प्रभार मिलने के बाद शुक्रवार को पहली बार चित्रकूट पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी का भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, उद्यमियों, व्यापारियों, वैश्य समाज के प्रबुद्धजनों एवं समर्थकों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। बरगढ़ मोड़ पर एवं भौरी में मंत्री नन्दी का भव्य स्वागत किया गया।

प्रभारी मंत्री नन्दी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण को समर्पित केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रेस वार्ता में सम्मानित मीडिया के साथियों से संवाद किया।मंत्री नन्दी ने कर्वी डाक बंगले में गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी लेते हुए भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान विभिन्न विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ऐतिहासिक 12 वर्षों की अभूतपूर्व उपलब्धियों, लोकहितैषी नीतियों तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

मंत्री नन्दी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाया है। ये 12 वर्ष संकल्प से सिद्धि को समर्पित रहे हैं, सेवा से सुशासन को समर्पित रहे हैं और समृद्धि से खुशहाली को समर्पित रहे हैं। ये 12 वर्ष भारतीय संस्कृति, भारतीय अर्थव्यवस्था और भारत की वैश्विक छवि के लिए वरदान साबित हुए हैं। जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्धारण और क्रियान्वयन का परिणाम है कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं।किसानों की आमदनी बढ़ाना, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, युवाओं को रोजगार देना और निवेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं रही हैं।उन्होंने कहा कि इस दिशा में मुद्रा योजना, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं ने उल्लेखनीय और प्रभावी भूमिका निभाई है।

प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय (इज्जत घर), आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन ने बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा किया है। साथ ही इन परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।बुनियादी सुविधाओं के साथ बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर योजनाओं ने आज भारत की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। एयरपोर्ट, रेलवे, जलमार्ग और मेट्रो की कनेक्टिविटी ने देश के विकास को नई रफ्तार दी हैप्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण, धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक की समाप्ति और यूसीसी ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की अवधारणा को साकार किया है।उन्होंने कहा कि वैश्विक पटल पर भारत की साख मजबूत हुई है। कुशल विदेश नीति, प्रभावी कूटनीति और सशक्त रक्षा नीति के माध्यम से दुनिया ने भारत की चमक और धमक को महसूस किया है। प्रधानमंत्री को 32 देशों के सर्वोच्च सम्मान का मिलना भारत की स्वीकार्यता और बढ़ते कद का प्रमाण है।इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, उत्तर प्रदेश सहकारी बैंक बांदा के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Next Story