TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: बारिश से रेहुटियां अंडरब्रिज में जलभराव, तीन घंटे यातायात ठप
Chitrakoot News: रेहुटियां अंडरब्रिज में पानी भरने से मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। एसडीएम ने रेलवे इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान पर चर्चा की।
बारिश से रेहुटियां अंडरब्रिज में जलभराव, तीन घंटे यातायात ठप (Photo- Newstrack)
Chitrakoot News: कर्वी-मानिकपुर मुख्य मार्ग पर रेलवे लाइन के नीचे बने रेहुंटिया अंडरब्रिज में बारिश का पानी भर जाने से शुक्रवार को करीब तीन घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। अंडरब्रिज में पानी भरने के कारण मुख्य मार्ग से वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया। इसके चलते वाहन चालकों को भौंरी से ऐचवारा जाने वाले मार्ग से घूमकर आगे जाना पड़ा। बारिश के दौरान अंडरब्रिज में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन रेलवे अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं कर पाया है।
एसडीएम ने इंजीनियरों के साथ किया निरीक्षण
शुक्रवार को जलभराव की जानकारी के बाद एसडीएम मानिकपुर विपिन द्विवेदी रेलवे के सहायक अभियंता दीपक कुमार और अवर अभियंता पारस पाल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अंडरब्रिज में भरे पानी की स्थिति देखी और रेलवे के इंजीनियरों से जलभराव की समस्या को दूर करने को लेकर चर्चा की। इस दौरान आवागमन प्रभावित होने और वाहन चालकों को होने वाली परेशानी को लेकर भी जानकारी ली गई।
पंपिंगसेट से पानी निकालने का फिलहाल सहारा
रेलवे के सहायक अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि अंडरब्रिज में बारिश के दौरान भरने वाले पानी को पंपिंगसेट के जरिए बाहर निकलवाने के अलावा फिलहाल समस्या के समाधान का कोई दूसरा रास्ता नहीं है। उन्होंने बताया कि अंडरब्रिज के ऊपर से रेलवे की दूसरी लाइन निकालने का काम आगामी दो अक्टूबर से शुरू कराया जाना है।
दो अक्टूबर से भारी वाहनों पर रोक
रेलवे के अनुसार दो अक्टूबर से करीब 25 दिनों तक अंडरब्रिज से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। इस दौरान केवल छोटे वाहन ही अंडरब्रिज से गुजर सकेंगे। रेलवे की ओर से बताया गया कि इसी अवधि में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए भी कुछ प्रयास किए जाएंगे। इससे उम्मीद है कि अंडरब्रिज में बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या को कम करने की दिशा में काम हो सकेगा।


