TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: चित्रकूट में रेटिनो ब्लास्टोमा जागरूकता सप्ताह मनाया गया
Chitrakoot News: सदगुरू नेत्र चिकित्सालय में बच्चों की आंख के कैंसर रेटिनो ब्लास्टोमा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया, लोगों को लक्षण और इलाज की जानकारी दी गई।
चित्रकूट में रेटिनो ब्लास्टोमा जागरूकता सप्ताह मनाया गया (Photo- Newstrack)
Chitrakoot News: चित्रकूट के जानकीकुंड स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री सदगुरू नेत्र चिकित्सालय में रेटिनो ब्लास्टोमा जागरूकता सप्ताह मनाया गया। यह जागरूकता सप्ताह बच्चों की आंखों में होने वाले कैंसर रोग रेटिनो ब्लास्टोमा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। परम पूज्य संत रणछोड़ दास जी महाराज द्वारा स्थापित इस चिकित्सालय में पूरे सप्ताह विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
सदगुरू नेत्र चिकित्सालय के ट्रस्टी एवं डायरेक्टर डॉ इलेश जैन, मेडिकल सुप्रिंटेंडेंट डॉ आलोक सेन और ऑक्यूलो प्लास्टी विभाग प्रमुख डॉ नरेंद्र पाटीदार के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। लोगों को इस गंभीर बीमारी के बारे में जानकारी देने के लिए पोस्टर, पम्पलेट, फोटोबूथ, रंगोली और रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बच्चों की आंखों में दिखें ये लक्षण तो तुरंत कराएं जांच
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि रेटिनो ब्लास्टोमा आंख के पर्दे का कैंसर होता है और इसकी समय पर पहचान बेहद जरूरी है। डॉक्टरों ने बताया कि यदि बच्चे की आंख की पुतली में सफेदी दिखाई दे, आंख तिरछी नजर आए या आंख में लगातार लालपन बना रहे तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
ऑक्यूलो प्लास्टी विभाग प्रमुख डॉ नरेंद्र पाटीदार ने बताया कि यदि किसी बच्चे में ऐसे सामान्य लक्षण दिखाई देते हैं तो उसके परिजनों को तुरंत नेत्र चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि शुरुआती लक्षणों के दौरान ही बीमारी की पहचान होने पर समय से इलाज शुरू किया जा सकता है, जिससे बच्चे की आंख और जान दोनों बचाई जा सकती हैं।
इलाज में लापरवाही पड़ सकती है भारी
सदगुरू नेत्र चिकित्सालय के निदेशक डॉ इलेश जैन ने कहा कि यदि बच्चों की आंखों में ऐसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर जांच जरूर करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच और इलाज में देरी या लापरवाही गंभीर परिणाम दे सकती है। समय पर इलाज मिलने से बच्चों की आंख बचाने के साथ उनकी जान भी बचाई जा सकती है।
परिक्रमा मार्ग में निकाली गई जागरूकता रैली
बच्चों की आंखों में होने वाली इस गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए परिक्रमा मार्ग में एक विशेष रैली का आयोजन किया गया। इस जनजागरूकता रैली को महिला समिति की अध्यक्षा ऊषा बी जैन, डॉ कुलदीप श्रीवास्तव, डॉ आलोक सेन, डॉ राजेश जोशी, डॉ राकेश शाक्य और डॉ गौतम सिंह परमार सहित कई नेत्र चिकित्सकों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के माध्यम से लोगों को रेटिनो ब्लास्टोमा के लक्षण, पहचान और इलाज के बारे में जानकारी दी गई। पूरे अभियान के दौरान लोगों को यह संदेश दिया गया कि बच्चों की आंखों में किसी भी प्रकार के असामान्य बदलाव को नजरअंदाज न करें और तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करें।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे चिकित्सक और कर्मचारी
इस जनजागरूकता कार्यक्रम में डॉ यशोधरा, डॉ पलक पटवा, डॉ पलक जैन, डॉ देविका, डॉ ध्रुव, ललित लखेरा, सुनील वर्मा, श्याम बिहारी, गौरव पाण्डेय, माया मिश्रा, ममता यादव, सुशील और विष्णु सहित ऑक्यूलो प्लास्टी विभाग के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे सप्ताह चले इस अभियान के जरिए लोगों को बच्चों की आंखों में होने वाले कैंसर के प्रति सतर्क रहने और समय पर इलाज कराने का संदेश दिया गया।


