TRENDING TAGS :
Chitrakoot: पत्रकारिता दिवस पर वरिष्ठ पत्रकार शंकर प्रसाद यादव सम्मानित, तीन दशकों से कर रहे जनसेवा
Chitrakoot: पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (एनयूजे) उत्तर प्रदेश की चित्रकूट इकाई की ओर से नगर पालिका सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
Chitrakoot News (Social Media).jpg
Chitrakoot: पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (एनयूजे) उत्तर प्रदेश की चित्रकूट इकाई की ओर से नगर पालिका सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव एवं नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता उपस्थित रहे। इस दौरान तीन दशकों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित, सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले वरिष्ठ पत्रकार शंकर प्रसाद यादव को सम्मानित किया गया।
नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट उत्तर प्रदेश की प्रदेश समिति के सदस्य एवं कार्यक्रम संयोजक रतन पटेल के नेतृत्व में आयोजित समारोह में अतिथियों ने शंकर प्रसाद यादव को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में वक्ताओं ने पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव ने कहा कि पत्रकारिता जनसेवा का सबसे प्रभावी माध्यम है। पत्रकार अपनी लेखनी के जरिए समाज को जागरूक करने के साथ-साथ विकास और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता करते हुए समाज और जिले के विकास में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि पत्रकार समाज की रीढ़ हैं। लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकार शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उनकी सक्रियता से आम लोगों की समस्याएं प्रशासन तक पहुंचती हैं और उनके समाधान का मार्ग प्रशस्त होता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रतन पटेल ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का निर्वहन है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार शंकर प्रसाद यादव ने अपने तीन दशक लंबे पत्रकारिता जीवन में हमेशा जनसरोकारों को प्राथमिकता दी है। उनकी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे पत्रकारों का सम्मान नई पीढ़ी को पत्रकारिता के मूल्यों और आदर्शों के प्रति जागरूक करने का कार्य करता है।
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने वरिष्ठ पत्रकार शंकर प्रसाद यादव के लंबे पत्रकारिता जीवन तथा समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की। समारोह के दौरान पत्रकारिता की निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनसरोकारों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अरुण तिवारी, बीपी पटेल, पुष्पराज कश्यप, राकेश कुमार, अभिषेक कुमार, अंकित जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


