TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: सिंथेटिक रनिंग ट्रैक निर्माण में लापरवाही पर डीएम नाराज
Chitrakoot News: 1190.84 लाख रुपये से बन रहा 400 मीटर का ट्रैक, गुणवत्ता और समयसीमा पर डीएम ने दिए निर्देश, कार्ययोजना न बता पाने पर जेई के खिलाफ शासन को पत्र भेजने को कहा।
सिंथेटिक रनिंग ट्रैक निर्माण में लापरवाही पर डीएम नाराज (Photo- Newstrack)
Chitrakoot News: स्पोर्ट्स स्टेडियम में 1190.84 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने स्थलीय निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ काम पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं, पूरी कार्ययोजना और समयसीमा की जानकारी न दे पाने पर कनिष्ठ अभियंता के प्रति नाराजगी जताई और शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए।
सीएनडीएस यूनिट-48 उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) बांदा की ओर से कराए जा रहे इस निर्माण में 400 मीटर रनिंग ट्रैक के साथ जैवलिन रनवे, लॉन्ग जंप पिच, हैमर थ्रो, डिस्कस थ्रो सर्किल, स्टीपलचेज वाटर पिट, शॉटपुट सर्किल, पोल वॉल्ट और हाई जंप रनवे सहित एथलेटिक्स की आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट किया कि ट्रैक की भराई में अच्छी गुणवत्ता वाली मिट्टी का ही इस्तेमाल किया जाए। किसी भी दशा में मलबा अथवा अनुपयुक्त मिट्टी नहीं डाली जाए। उन्होंने आसपास तालाबों की खुदाई से निकलने वाली उपयुक्त मिट्टी को नियमानुसार प्राप्त कर उपयोग करने का सुझाव दिया। साथ ही मिट्टी की लेवलिंग और ढलान ऐसी रखने के निर्देश दिए, जिससे बारिश का पानी कहीं भी जमा न हो।
15 दिसंबर तक पूरा होगा ड्रेनेज का काम
कार्यदायी संस्था के कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि 15 दिसंबर तक ड्रेनेज का काम पूरा करा लिया जाएगा। इस पर डीएम ने पूरी कार्ययोजना और समयसीमा की जानकारी मांगी, लेकिन स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि निर्माण से जुड़े अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक कार्य और उसकी समयसीमा की पूरी जानकारी होनी चाहिए। लापरवाही और उदासीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जेई को स्पष्ट समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने ट्रैक पर लगने वाले उपकरणों और अन्य सामग्री का स्टीमेट पहले से तैयार कर समय पर ऑर्डर देने को कहा, ताकि निर्माण पूरा होने के बाद उपकरणों की कमी से परियोजना प्रभावित न हो। निर्माण की नियमित निगरानी के लिए गठित समिति से समय-समय पर गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) स्वप्निल कुमार यादव को दिए। परिसर में काटे जा रहे पेड़ों के बाद की कार्ययोजना तैयार रखने और ग्राउंड के समुचित विकास पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) स्वप्निल कुमार यादव सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


