Chitrakoot: ट्रक-बाइक टक्कर, दो युवकों की मौत; ट्रक-बाइक जलकर राख

रैपुरा थाना क्षेत्र के बगरेही में तेज रफ्तार ट्रक से टकराकर बाइक सवार दो अज्ञात युवकों की मौत; घर्षण से लगी आग में ट्रक और बाइक धू-धूकर जले, पुलिस जांच जारी।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 4 Dec 2025 10:41 PM IST
Chitrakoot: ट्रक-बाइक टक्कर, दो युवकों की मौत; ट्रक-बाइक जलकर राख
X

Chitrakoot: जिले में गुरुवार की देर शाम हुए दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की ट्रक से टकराने पर मौत हो गई। हादसा रैपुरा थाना क्षेत्र के बगरेही गांव के पास गुरुवार की देर शाम करीब पौने नौ बजे हुआ। बाइक सवार सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के नीचे जाकर घुस गए। तेज रफ्तार होने की वजह से ट्रक के नीचे फंसे दोनो युवक बाइक समेत काफी दूर तक तक घिसटते चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनो युवकों को बाहर निकाला। इसके बाद लगी आग से ट्रक और बाइक धू-धूकर जल गए।

गुरुवार की देर शाम करीब पौने नौ बजे प्रयागराज की तरफ से तेज रफ्तार ट्रक कर्वी की ओर रहा था। जबकि बाइक सवार दो लोग कर्वी की तरफ से जा रहे थे। बगरेही के पास बाइक सवार दोनो युवक ट्रक से टकराने के बाद नीचे फंस गए। काफी दूर तक दोनो लोग घिसटते चले गए। हादसे के बाद ट्रक में आग लग गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने देखा तो दौड़कर पहुंचे और ट्रक के नीचे फंसे बाइक सवार दोनो युवकों को किसी तरह बाहर निकाला। इसके बाद ट्रक आग का गोला बन गया। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक रैपुरा आशुतोष तिवारी ने एंबुलेंस से दोनो युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने दोनो को मृत घोषित कर दिया।



उधर आग लगने से ट्रक और बाइक दोनो जल गए। मौके पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे में आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर एसपी अरुण सिंह, एएसपी सत्यपाल सिंह मौके पर पहुंचे। जिला अस्पताल में सीओ सिटी अरविंद वर्मा व कर्वी कोतवाल श्याम प्रताप पटेल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कर्वी कोतवाल ने बताया कि बाइक सवारों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इनमें एक की उम्र करीब 27 व दूसरे की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। ट्रक चालक और खलासी हादसे के बाद मौके से फरार हो गए है। जिनका पता लगाया जा रहा है। एसपी ने बताया कि ट्रक के नीचे फंसी बाइक के घर्षण होने से शायद आग लगी है।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Shukla (Chitrakoot)

sunilshukla@newstracksite.vocalwire.com
Next Story