Chitrakoot विवि में मालवीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, आदर्शों का संदेश भी

Chitrakoot News: कुलपति प्रो. आरएन त्रिपाठी ने महामना के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान किया। सभा में शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी आए।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 12 Nov 2026 6:28 PM IST
Tribute on Malviyas death anniversary at Chitrakoot University
X

Chitrakoot विवि में मालवीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, आदर्शों का संदेश भी (Photo- Newstrack)

Chitrakoot News: जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय में भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के पुण्य स्मरण के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. आरएन त्रिपाठी ने महामना के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कुलपति प्रो. आरएन त्रिपाठी ने कहा कि महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जैसे युगपुरुष के जन्म से भारत माता की कोख धन्य हुई। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र को एक अद्भुत और कालजयी विश्वविद्यालय समर्पित करने में लगा दिया। आज हमारे व्यक्तिगत विकास का जो भव्य आधार खड़ा है, उसकी मजबूत नींव काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि महामना मालवीय ने देशाटन और भिक्षाटन के माध्यम से अथक परिश्रम कर काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना की थी। इसी तरह पूज्य जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज ने इस विश्वविद्यालय की स्थापना कर शिक्षा और दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। आज यह संस्थान उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायी मानक के रूप में स्थापित है।

कुलपति ने शिक्षकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे महामना के आदर्शों को आत्मसात करते हुए विश्वविद्यालय की गरिमा और गौरव को आगे बढ़ाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका महत्वपूर्ण है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना चाहिए।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के जीवनपर्यंत कुलाधिपति के निजी सचिव रमापति मिश्रा ने भी महामना के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने मालवीय जी के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Shukla (Chitrakoot)

sunilshukla@newstracksite.vocalwire.com
Next Story