'2017 से पहले सूर्यास्त होते ही...' योगी ने पुराने यूपी की याद दिलाकर किस पर साधा निशाना?

Yogi Adityanath: CM योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने रात में जगमगाते बाजारों, महिला सुरक्षा और महिला श्रम बल भागीदारी में बढ़ोतरी को नए उत्तर प्रदेश की पहचान बताया।

Newstrack Network
Published on: 30 Oct 2026 11:05 AM IST
Yogi Adityanath
X

Yogi Adityanath 

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजार व्यापारी के विश्वास का प्रतीक बन गए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त होते ही व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं।

मातृशक्ति का आत्मविश्वास समाज की प्रगति का प्रतीक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आज नए उत्तर प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रोशनी केवल व्यापार की नहीं, बल्कि व्यापारी के विश्वास का प्रकाश भी है। उन्होंने कहा कि नाइट शिफ्ट में अपने कार्यस्थल पर निर्भय होकर जिम्मेदारियां निभाने वाली मातृशक्ति का आत्मविश्वास केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे समाज की प्रगति का प्रतीक है।

2017 से पहले महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे परिवार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा और विश्वास का यह माहौल हमेशा से नहीं था। वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त के साथ ही व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं। देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उनके परिवारों में भी चिंता बनी रहती थी।

डबल इंजन सरकार ने बदली परिस्थिति

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस परिस्थिति को बदला है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।

उन्होंने कहा कि आज बाजार रात में भी खुले रहते हैं। व्यापारियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने के नए अवसर मिल रहे हैं। वहीं, प्रदेश की बेटियां सुरक्षित वातावरण में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ रही हैं।

13 से बढ़कर 36 प्रतिशत हुई महिला श्रम बल भागीदारी

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में महिलाओं की श्रम बल भागीदारी के आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश की महिला श्रम बल भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो चुकी है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह आंकड़ा मातृशक्ति के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक सामर्थ्य और स्वावलंबन की मजबूत अभिव्यक्ति है। उन्होंने इसे 'सुरक्षा से समृद्धि' की ओर आगे बढ़ते नए उत्तर प्रदेश की नई पहचान बताया।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story