‘बेटी का सम्मान होना चाहिए...’, Akhilesh Yadav की बेटी पर टिप्पणी करने वालों को CM Yogi की नसीहत

CM Yogi Statement on Akhilesh Yadav Daughter: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 13 Jun 2026 2:13 PM IST
CM Yogi Statement on Akhilesh Yadav Daughter
X

CM Yogi Statement on Akhilesh Yadav Daughter

CM Yogi Statement on Akhilesh Yadav Daughter: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। आजमगढ़ में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि बेटी का सम्मान होना चाहिए। हाल के दिनों में मैंने देखा कि कुछ लोगों ने अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ अनुचित टिप्पणियां की थीं। जैसे ही मामला मेरे संज्ञान में आया, मैंने तत्काल पुलिस अधिकारियों को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। बेटी, बेटी होती है और उसके सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

अखिलेश यादव को भी दी नसीहत

इस मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को भी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि दूसरों को उपदेश देने के साथ-साथ राजनीतिक दलों को अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भाषा पर भी नियंत्रण रखना चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी पर टिप्पणी करने से पहले यह भी देखना चाहिए कि अपने लोग किस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं को संस्कारित और संयमित भाषा का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।

आजमगढ़ के विकास का भी किया जिक्र

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ के विकास और उसकी ऐतिहासिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ का गौरवशाली इतिहास रहा है और यह साहित्य, संस्कृति तथा स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला क्षेत्र रहा है। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि इतनी समृद्ध विरासत वाला जिला लंबे समय तक अपनी पहचान के संकट से क्यों जूझता रहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आजमगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

महाराजा सुहेलदेव का किया उल्लेख

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने महाराजा सुहेलदेव को राष्ट्रनायक बताते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रांताओं का डटकर मुकाबला किया और देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को जाति, क्षेत्र, भाषा और परिवारवाद की राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित और विकास के मुद्दों पर एकजुट होना चाहिए। उन्होंने लोगों से सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करने का आह्वान भी किया।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story