Aligarh News: सीएम योगी का अलीगढ़ दौरा, विकास कार्यों की समीक्षा और कई परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22-23 जून को अलीगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विकास कार्यों, कानून व्यवस्था की समीक्षा, विश्वविद्यालय निरीक्षण और कई परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 20 Jun 2026 10:40 PM IST
Aligarh News: सीएम योगी का अलीगढ़ दौरा, विकास कार्यों की समीक्षा और कई परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
X

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 और 23 जून को अलीगढ़ दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दो दिवसीय भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री जिले में रात्रि प्रवास भी करेंगे और विकास कार्यों, कानून व्यवस्था तथा प्रशासनिक योजनाओं की समीक्षा करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जून को दोपहर करीब 1 बजे हेलीकॉप्टर से आईटीएम कॉलेज करसुआ पहुंचेंगे। इसके बाद वह राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय में चल रहे कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।इसके बाद मुख्यमंत्री एएमयू हेलिपैड पहुंचकर कलक्ट्रेट सभागार में अलीगढ़ मंडल के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों और प्रस्तावित नई कार्ययोजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके साथ ही जनपदीय विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी (नुमाइश) मैदान में होगा, जहां वह अलीगढ़ सदर और कोल विधानसभा क्षेत्र सहित नगर निगम के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 23 जून की सुबह एएमयू हेलिपैड से वायु मार्ग द्वारा हाथरस के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला सक्रिय है। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थलों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन से जिले को विकास योजनाओं की नई सौगात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story