CM योगी से मिले बृजभूषण शरण सिंह, सवा साल बाद एक घंटे तक हुई बात; क्या बदलेगा यूपी का सियासी समीकरण?

CM Yogi Brijbhushan Meeting: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने मुलाकात की। सवा साल बाद हुई एक घंटे से अधिक की बातचीत के क्या हैं सियासी मायने?

Sawan Gupta
Published on: 27 Nov 2026 10:00 AM IST
CM Yogi Brijbhushan Meeting
X

CM Yogi Brijbhushan Meeting

CM Yogi Brijbhushan Meeting: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां बढ़ गई हैं। गुरुवार को पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अचानक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। गुरुवार शाम बृजभूषण शरण सिंह मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में एक घंटे से ज्यादा समय तक बातचीत हुई। करीब सवा साल बाद हुई इस मुलाकात को कई राजनीतिक पहलुओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

इस मुलाकात की खास बात यह है कि पिछले कुछ समय से बृजभूषण सिंह के बयानों और भाजपा के साथ उनके संबंधों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री से उनकी लंबी बातचीत को अहम माना जा रहा है। हालांकि, बृजभूषण ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचने से पहले मीडिया को बताया था कि वह योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने आए हैं।

अमित शाह की नसीहत के बीच मुलाकात के निकाले जा रहे मायने

इस मुलाकात को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उस नसीहत से भी जोड़कर देखा गया है, जिसमें उन्होंने गिले-शिकवे भुलाकर आगे बढ़ने की बात कही थी। इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि में योगी और बृजभूषण की मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है।

बृजभूषण और भाजपा के बीच पिछले कुछ समय से रिश्तों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री आवास पर एक घंटे से अधिक समय तक चली बातचीत को पार्टी के अंदरूनी समीकरणों और आपसी संवाद के लिहाज से भी देखा जा रहा है।

योगी के गोंडा दौरे से ठीक पहले हुई मुलाकात

इस मुलाकात का समय भी चर्चा में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोंडा, बलरामपुर और देवीपाटन क्षेत्र के दौरे पर रहने वाले हैं। उन्हें देवीपाटन मंदिर में रात्रि विश्राम भी करना है। देवीपाटन मंडल में बृजभूषण शरण सिंह का अच्छा-खासा प्रभाव है।

ऐसे में मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले दोनों नेताओं की मुलाकात को स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के नजरिए से भी देखा जा रहा है। देवीपाटन मंडल और पूर्वांचल की कई विधानसभा सीटों पर बृजभूषण सिंह और उनके परिवार की राजनीतिक पकड़ मानी जाती है।

बृजभूषण के बयानों से भाजपा को होती रही है असहजता

बृजभूषण शरण सिंह पिछले कुछ महीनों में अपने बयानों को लेकर लगातार चर्चा में रहे हैं। उन्होंने कई मौकों पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव की तारीफ की है। इसके अलावा सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर भी उनके कुछ बयानों ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं पैदा की थीं।

गौरतलब है कि महिला पहलवानों की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने बृजभूषण शरण सिंह को टिकट नहीं दिया था। पार्टी ने उनकी जगह उनके छोटे बेटे करण भूषण सिंह को उम्मीदवार बनाया था। करण भूषण चुनाव जीतकर सांसद बने। वहीं, उनके बड़े बेटे प्रतीक भूषण सिंह गोंडा सदर से भाजपा विधायक हैं। वहीं बृजभूषण शरण सिंह ने बयान दिया था कि वह 2029 का लोकसभा चुनाव जरूर लड़ेंगे, चाहे जहां से लड़ना पड़े।

बृजभूषण शरण सिंह के बयानों पर होती रही है चर्चा

भले ही बृजभूषण शरण सिंह के राजनीतिक बयानों को लेकर कई बार भाजपा के साथ उनके रिश्तों पर सवाल उठे हों, लेकिन उनका परिवार पार्टी के साथ सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है। उनके बेटे करण भूषण सिंह कैसरगंज से भाजपा सांसद हैं, जबकि प्रतीक भूषण सिंह गोंडा सदर से विधायक हैं। ऐसे में बृजभूषण परिवार की क्षेत्रीय राजनीतिक पकड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री के साथ हुई मुलाकात को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फिलहाल इस मुलाकात के बाद दोनों नेताओं के बीच संबंधों को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, बातचीत में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story