UP News: ‘ड्यूटी के दौरान रील बनाना अनुचित’, CM योगी ने यूपी पुलिस में चयनित कंप्यूटर ऑपरेटरों को दी नसीहत

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 930 कंप्यूटर ऑपरेटर (ग्रेड-ए) अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

Shishumanjali kharwar
Published on: 17 Jun 2026 11:54 AM IST (Updated on: 17 Jun 2026 3:31 PM IST)
CM Yogi Adityanath
X

CM Yogi Adityanath

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 930 कंप्यूटर ऑपरेटर (ग्रेड-ए) अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। यह कार्यक्रम लोकभवन सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थी और अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उन्हें ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की सलाह दी।

यूपी पुलिस में आया बड़ा बदलाव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस ने सुशासन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तेज गति से काम किया है। उन्होंने दावा किया कि आज यूपी पुलिस देश में मॉडल पुलिसिंग का उदाहरण बन चुकी है। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। त्योहारों और आयोजनों से पहले तनाव और उपद्रव की घटनाएं आम थीं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद अपराध और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, जिससे प्रदेश में शांति और सुरक्षा का माहौल स्थापित हुआ।

ड्यूटी के दौरान रील बनाने पर जताई नाराजगी

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को अनुशासन का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के समय रील बनाना या सोशल मीडिया के लिए अनावश्यक गतिविधियों में शामिल होना अनुशासनहीनता का उदाहरण है।उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपने आचरण और कार्यशैली से विभाग की गरिमा बनाए रखें तथा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे संस्था की छवि प्रभावित हो या लोगों को उंगली उठाने का अवसर मिले।

पुलिस संसाधनों और प्रशिक्षण क्षमता में वृद्धि

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में केवल 30 हजार पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था थी, जिसे बढ़ाकर अब 60 हजार कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस जवानों के लिए आधुनिक बैरकों और बेहतर सुविधाओं का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि पहले कई पुलिसकर्मी जर्जर भवनों में रहने को मजबूर थे, लेकिन अब उन्हें आधुनिक और सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार पुलिस बल को तकनीकी रूप से भी मजबूत बना रही है।

फोरेंसिक और साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर

सीएम योगी ने बताया कि पहले प्रदेश में केवल चार जिलों में फोरेंसिक लैब थीं, जबकि अब 12 जिलों में यह सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा हर जिले में फोरेंसिक वैन की व्यवस्था की गई है। बड़े जिलों में तीन और छोटे जिलों में दो फोरेंसिक वैन संचालित की जा रही हैं।उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से निपटने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में साइबर थानों की स्थापना की गई है। इससे अपराध जांच की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और तकनीकी रूप से सक्षम हुई है।

रोजगार-आर्थिक विकास पर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने बताया कि पहले उत्तर प्रदेश में लगभग 14 हजार बड़े उद्योग थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 32 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब "बीमारू राज्य" की छवि से बाहर निकल चुका है और देश की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं वाले राज्यों में शामिल हो गया है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में भी प्रदेश लगातार अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story