सावन के दूसरे सोमवार पर CM योगी की ‘पाती’, शिवभक्तों से की 3 IMP अपील

Sawan Somwar: सावन के दूसरे सोमवार पर CM योगी आदित्यनाथ ने ‘पाती’ लिखकर कांवड़ यात्रा को समरसता की पाठशाला बताया। जानें कांवड़ियों से की गई 3 बड़ी अपीलें।

Alakha Singh
Published on: 10 Aug 2026 8:46 AM IST
सावन के दूसरे सोमवार पर CM योगी की ‘पाती’, शिवभक्तों से की 3 IMP अपील
X

Sawan Somwar : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों और देशभर से कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्तों के नाम एक भावपूर्ण ‘पाती’ लिखी। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा को महज धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति, अनुशासन और सामाजिक समरसता की जीवंत पाठशाला बताया। उन्होंने शिवभक्तों से आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और यात्रा की मर्यादा बनाए रखने की अपील की।

‘कांवड़िया’ ही होती है शिवभक्तों की पहचान

सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं को एक ही शिवभक्ति के सूत्र में बांधती है। इस यात्रा में जाति, वर्ग, भाषा, क्षेत्र और आर्थिक स्थिति जैसे भेद पीछे छूट जाते हैं।

उन्होंने कहा कि भगवा वस्त्र, कंधे पर कांवड़ और हृदय में भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था ही कांवड़ियों की पहचान बन जाती है। श्रद्धालुओं के कदम भले अलग-अलग हों, लेकिन सभी का लक्ष्य एक ही होता है—महादेव का जलाभिषेक।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा को सनातन संस्कृति में समभाव और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण बताते हुए कहा कि यह यात्रा समाज को एकजुटता और अनुशासन का संदेश देती है।

समुद्र मंथन से जुड़ी है कांवड़ यात्रा की मान्यता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा के पौराणिक महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समुद्र मंथन के दौरान निकले हलाहल विष को भगवान शिव ने सृष्टि की रक्षा के लिए अपने कंठ में धारण किया था। विष की उष्णता शांत करने के लिए देवताओं ने भगवान शिव का पवित्र गंगाजल से अभिषेक किया।

इसी पौराणिक परंपरा से सावन में भगवान शिव को गंगाजल अर्पित करने की मान्यता जुड़ी मानी जाती है। सीएम योगी ने अपने संदेश में तप, सेवा और एकता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि तप से चरित्र दमकता है, सेवा से समाज संवरता है और एकता से राष्ट्र निखरता है।

दिव्यांग कांवड़ियों का समर्पण देख भावुक होते हैं CM योगी

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल दिव्यांग शिवभक्तों के समर्पण का भी विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब वह सड़कों पर दिव्यांग श्रद्धालुओं को पूरे उत्साह और निष्ठा के साथ कांवड़ लेकर आगे बढ़ते देखते हैं, तो उनका मन श्रद्धा और सम्मान से भर जाता है।

योगी ने कहा कि शिवभक्तों की यही अटूट आस्था और संकल्प कांवड़ यात्रा की वास्तविक शक्ति है।

CM योगी की कांवड़ियों से 3 बड़ी अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।

पहली अपील: कांवड़िये प्लास्टिक-मुक्त जीवन का संकल्प लें और यात्रा के दौरान पर्यावरण के अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल करें।

दूसरी अपील: यात्रा मार्ग पर यदि कोई एंबुलेंस या स्कूली बच्चों का वाहन दिखाई दे तो उसे तत्काल रास्ता दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की थोड़ी-सी सजगता किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

तीसरी अपील: कांवड़ यात्रा की गरिमा और मर्यादा बनाए रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा की आत्मा श्रद्धा, अनुशासन, आत्मसंयम और सेवा भाव में निहित है। शिवभक्त इन मूल्यों को अपनाकर भगवान शिव के ‘लोकमंगल’ के संदेश को आगे बढ़ाएं।

सावन के दूसरे सोमवार पर सीएम योगी की यह ‘पाती’ धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और सेवा के संदेश पर केंद्रित रही।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story