UP News: दिव्य आभा के साथ निकली CM योगी आदित्यनाथ की विजयादशमी शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

Gorakhpur News: गोरखनाथ मंदिर से मानसरोवर रामलीला मैदान तक निकली शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम का राजतिलक कर पूजा-अर्चना की।

Newstrack Network
Published on: 20 Oct 2026 8:53 PM IST
CM Yogi Adityanaths Vijayadashami procession with divine aura, welcome in places
X

 दिव्य आभा के साथ निकली CM योगी आदित्यनाथ की विजयादशमी शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत (Photo- Newstrack)

UP News: गोरखपुर में मंगलवार शाम विजयादशमी के अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पारंपरिक विजयादशमी शोभायात्रा निकाली गई। गोरखनाथ मंदिर से शुरू होकर मानसरोवर रामलीला मैदान तक पहुंची इस शोभायात्रा में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सहभागिता की झलक देखने को मिली। रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। मुस्लिम, बुनकर और सिंधी समाज के लोगों ने भी शोभायात्रा का अभिनंदन किया।

गुरु गोरखनाथ की पूजा के बाद शुरू हुई शोभायात्रा

शाम करीब साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह पारंपरिक परिधान में फूलों से सजे रथ पर सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए।

सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच नाथपंथ के विशेष वाद्ययंत्र नागफनी, तुरही, नगाड़े और डमरू की धुन के साथ शोभायात्रा आगे बढ़ी। हनुमान दल के बालकों ने भी अपने करतब दिखाए। रास्ते के दोनों ओर खड़े लोग मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए उत्सुक नजर आए।

मुस्लिम और बुनकर समाज ने फूल बरसाकर किया स्वागत

गोरखनाथ मंदिर से शोभायात्रा आगे बढ़ने पर मुस्लिम और बुनकर समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उर्दू अकादमी के पूर्व अध्यक्ष चौधरी कैफुलवरा ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने उनका अभिवादन स्वीकार किया और नवरात्र अनुष्ठान का प्रसाद दिया।

चौधरी कैफुलवरा ने बताया कि उनका परिवार कई पीढ़ियों से इस शोभायात्रा का स्वागत करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि गोरक्षपीठ सभी को मत और मजहब से ऊपर उठकर मानवता के नजरिये से देखता है।

इसके बाद बुनकर वेलफेयर सोसायटी के बैनर तले उत्तर प्रदेश हज कमेटी के सदस्य जुनैद अहमद अंसारी, अजीजुल हई और अन्य बुनकरों ने भी स्वागत किया।

अल्पसंख्यक समाज के लोगों ने प्रसाद को माथे से लगाकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। आगे श्री झूलेलाल मंदिर के पास सिंधी समाज के लोगों ने भी पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

मानसरोवर मंदिर में पूजा, रामलीला मैदान में हुआ राजतिलक

शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंची, जहां योगी आदित्यनाथ ने महादेव और अन्य देव विग्रहों की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का अभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने रामलीला मैदान के बाहर भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

मानसरोवर रामलीला मैदान पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। यहां चल रही रामलीला में उन्होंने प्रभु श्रीराम का राजतिलक किया। साथ ही श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। इस तरह गुरु गोरखनाथ की पूजा से शुरू हुई धार्मिक परंपरा भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ पूरी हुई।

दस लोक कलाकारों के दलों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

शोभायात्रा के दौरान दस लोक कलाकारों के दलों ने अलग-अलग स्थानों पर अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का ध्यान खींचा। अयोध्या के वैभव मिश्रा के दल ने शंख वादन और संगीता वर्मा के दल ने बधावा नृत्य प्रस्तुत किया। बांदा के कृष्ण पाल ग्रुप ने पाई डंडा और गोरखपुर के विंध्याचल आजाद ग्रुप ने लोक नृत्य पेश किया।

सोनभद्र के महेंद्र गुरमुरा ग्रुप और मथुरा के कृष्ण कांत शर्मा ग्रुप ने भी प्रस्तुतियां दीं। कृष्ण कांत शर्मा के दल ने मयूर नृत्य दिखाया। गोरखपुर के धर्मवीर यादव ग्रुप ने फरूवाही नृत्य, प्रयागराज की सीमा त्रिपाठी के दल ने देढ़िया नृत्य, गोरखपुर की मोनी सहनी के दल ने रास नृत्य और राकेश कुमार के दल ने जनजातीय नृत्य प्रस्तुत किया। इन कार्यक्रमों के जरिए विजयादशमी शोभायात्रा में प्रदेश की लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं की झलक देखने को मिली।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story