'माफिया और मच्छर दोनों खत्म...' गीडा के स्थापना दिवस पर योगी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

CM Yogi Adityanath: गोरखपुर में गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर 17,650 करोड़ रुपये के निवेश एमओयू हुए, जिससे 50 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। CM योगी ने 502 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया और सपा सरकार पर बूचड़खाना खोलने की कोशिश का आरोप लगाया।

Newstrack Network
Published on: 29 Nov 2026 1:53 PM IST
CM Yogi Adityanath
X

CM Yogi Adityanath

CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए अपने पुराने आंदोलन को याद किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004-05 में तत्कालीन सपा सरकार ने गीडा में उद्योग लगाने के बजाय जबरन बूचड़खाना खुलवाने का प्रयास किया था। उस समय सांसद रहते हुए उन्होंने सहजनवां के कार्यकर्ताओं के साथ इसका विरोध किया था और सरकार से कहा था कि अगर विकास सैफई जा रहा है तो स्लॉटर हाउस भी वहीं ले जाइए, गोरखपुर अपना विकास खुद कर लेगा।

सीएम योगी ने कहा कि आज उसी गीडा में एक नहीं, बल्कि तीन-तीन डेयरी के साथ सीमेंट, स्टील और प्लास्टिक उद्योग स्थापित हो रहे हैं। यहां हजारों करोड़ रुपये का निवेश आ रहा है। गीडा के सेक्टर-7 में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने 502 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने गीडा की नई वेबसाइट लॉन्च करने के साथ हैंडलूम और टेक्सटाइल उद्योगों को लेटर ऑफ कम्फर्ट भी वितरित किए।

कार्यक्रम में 17,650 करोड़ रुपये के नए निवेश के लिए एमओयू किए गए। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन निवेश प्रस्तावों से करीब 50 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। इसके अलावा उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 463 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चकभोप आवासीय कॉलोनी का शुभारंभ किया। यहां गरीबों से लेकर हर वर्ग के लोगों के लिए आवास की सुविधा होगी। साथ ही श्रमिकों के लिए डॉर्मिटरी और सस्ते भोजन की व्यवस्था के लिए किचन भी बनाया जाएगा।

सैफई महोत्सव पर खर्च होता था संस्कृति विभाग का 85 फीसदी बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि 37 साल पहले स्थापित गीडा के शुरुआती 28 से 30 वर्ष अंधकारमय रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि खराब सरकारें अपने आप में आपदा होती हैं और परिवारवाद तक सीमित रहने वाले दल विकास नहीं कर सकते। वर्ष 2017 से पहले सरकारी धन का इस्तेमाल कब्रिस्तान की बाउंड्री बनाने और गरीबों की जमीन पर कब्जा करने में होता था।

योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के संस्कृति विभाग के कुल बजट का 80 से 85 फीसदी हिस्सा केवल सैफई महोत्सव पर खर्च कर दिया जाता था, जबकि प्रदेश के बाकी हिस्सों के लिए कुछ नहीं बचता था।


सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहा विकास

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर विकास कार्य करा रही है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, भव्य श्रीराम मंदिर और नई अयोध्या, मां विंध्यवासिनी धाम, मां शाकंभरी धाम, शुकतीर्थ, नैमिषारण्य, कुशीनगर और श्रावस्ती के विकास का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि सद्गुरु रविदास जी की सीर गोवर्धन स्थली और संत कबीर की मगहर स्थित स्थली का भी कायाकल्प किया गया है। इसके अलावा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, सद्गुरु रविदास, महर्षि वाल्मीकि और ज्योतिबा फुले की प्रतिमाओं, मंदिरों तथा पार्कों का प्रदेश में 4,030 से अधिक स्थानों पर सुंदरीकरण कराया गया है। मुख्यमंत्री ने सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला की ओर से आठ मंदिरों के पुनरुद्धार और अन्य विधायकों के विकास कार्यों की भी सराहना की।


'माफिया और मच्छर दोनों का सफाया किया'

मुख्यमंत्री ने पूर्वी उत्तर प्रदेश की पुरानी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इस क्षेत्र की पहचान इंसेफेलाइटिस और माफिया राज से होती थी। मच्छरों से फैलने वाली इस बीमारी के कारण ज्यादातर दलित और पिछड़े वर्ग के मासूम बच्चों की जान चली जाती थी। वहीं, माफिया उद्योगों से वसूली करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय की सरकारों को इन समस्याओं की कोई चिंता नहीं थी।

योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने माफिया और मच्छर दोनों को समाप्त कर दिया है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि सत्ता से बाहर होकर बेरोजगार हुए लोग आज विकास की बातें कर रहे हैं, जबकि सत्ता में रहते हुए उन्होंने अपने परिवार और सिंडिकेट के लिए ही काम किया।


AK-203 और ब्रह्मोस से बढ़ी देश की ताकत

सीएम योगी ने कहा कि पहले की सरकारों में कट्टा और बम बनाने का काम होता था, जबकि आज उत्तर प्रदेश में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कलाश्निकोव AK-203 राइफल, वेबले स्कॉट रिवॉल्वर और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब ब्रह्मोस मिसाइल दुश्मन पर कहर बरपाती है तो पाकिस्तान भी बाप-बाप चिल्लाने लगता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गीडा में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव पहले ही धरातल पर उतर चुके हैं। धुरियापार के पास सीमेंट फैक्ट्री, गैलेंट और अंकुर उद्योग का स्टील प्लांट, तत्व प्लास्टिक, फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, दोहरी क्षमता से चल रहा खाद कारखाना, पिपराइच चीनी मिल और कालेसर-जंगल कौड़िया बाईपास नए गोरखपुर की पहचान बन रहे हैं।


मदुरै में दीपक जलाने से रोकने का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने अयोध्या के दीपोत्सव और तमिलनाडु के मदुरै के पास दीपक जलाने को लेकर हुए विवाद का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान 36 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए, जबकि मदुरै के पास सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद लोगों को दीपक जलाने से रोका गया।

योगी ने इसके लिए वहां की सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वहां की सरकार का कल्चर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की राजनीति से मिलता-जुलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी सरकारों को लोगों की आस्था से ज्यादा अपने वोट बैंक की चिंता रहती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर वहां बीजेपी की सरकार होती तो किसी को दीपक जलाने से नहीं रोका जाता।


'यूरोप में दंगे, लेकिन यूपी में सब चंगा है'

सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज यूरोप के कई देशों में रोजाना दंगे, आगजनी, तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पूरे यूरोप की जितनी आबादी है, उतनी अकेले उत्तर प्रदेश की आबादी है। इसके बावजूद यूपी में न लूटपाट है, न कर्फ्यू और न ही दंगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सब चंगा है, क्योंकि यहां बीजेपी की डबल इंजन सरकार है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां लोग आपस में बंटे हुए हैं, वहां लगातार कट भी रहे हैं।


25 एकड़ में बनेगा सरदार पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन

मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार और कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए 25 एकड़ क्षेत्रफल में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन बनाने की घोषणा की। यहां युवाओं को एक ही छत के नीचे पंजीकरण, साक्षात्कार और प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इसके साथ नौकरी की गारंटी देने की भी बात कही।

इस योजना से सहजनवां, खजनी, चिल्लूपार, बांसगांव, गोरखपुर ग्रामीण, कैंपियरगंज, पिपराइच और चौरी-चौरा के युवाओं को लाभ मिलेगा। इसके अलावा कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, मऊ, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर, बस्ती और संतकबीरनगर के युवा भी इससे जुड़ सकेंगे।


डिजिटल प्रदर्शनी और गोरखपुर ट्रेड शो का किया निरीक्षण

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं पर आधारित डिजिटल प्रदर्शनी, विभागीय स्टॉल, गोरखपुर ट्रेड शो और एक जनपद एक व्यंजन (ODOC) प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान गीडा के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।

मुख्यमंत्री ने गीडा, जिला प्रशासन और चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज से अपील की कि वे स्कूली बच्चों, व्यापारियों और उद्यमियों को ट्रेड शो में लेकर आएं, ताकि उन्हें उत्तर प्रदेश की उत्पादन क्षमता, ओडीओपी और व्यंजन कला को करीब से देखने का अवसर मिल सके।

निवेश को बढ़ावा देने के लिए छह संस्थाओं के साथ एमओयू

कार्यक्रम में गीडा के सीईओ और छह कंपनियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों के बीच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान हुआ। इनमें क्लीन और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में काम करने वाली एक्मे क्लीनटेक सॉल्यूशंस (ACME Cleantech Solutions) की ओर से संजय धवन शामिल हुए।

दवा निर्माण और विपणन से जुड़ी सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्राइवेट लिमिटेड (Symbiotic Therapeutics Pvt. Ltd.) के परमानन्द चंद और ऑर्बिट इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (Orbit Industries Pvt. Ltd.) के अभिषेक अग्रवाल ने भी एमओयू का आदान-प्रदान किया।

इसके अलावा गन्ना और अनाज उत्पादक किसानों को लाभ पहुंचाने वाली एस.आर. मदर्स नेचर डिस्टिलरी (S.R. Mother's Nature Distillery) के अभिनंदन जैन, मछली और झींगा सहित जलीय कृषि के लिए पशु आहार तैयार करने वाली दीपक नेक्सजेन फीड्स के एवी सुब्रमण्यम और श्रीनिवास तेताली ने समझौता किया।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, ड्रोन और 3डी तकनीक के प्रशिक्षण एवं विकास पर काम करने वाले महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MPIT) के सीईओ आयुष चौरसिया ने भी गीडा के साथ एमओयू का आदान-प्रदान किया।


आवंटन पत्र, चेक और टूलकिट भी बांटे गए

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के आवंटी आलोक कुमार यादव तथा शुभम द्विवेदी को आवास आवंटन पत्र दिए। नए निवेशकों में ऑलइनप्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के अभिनव कुमार सिंह, गिर्वाना फूड्स एंड एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के अतुल सिंह, शशिब्लेस एंटरप्राइजेज की श्वेता मिश्रा, आईके फूड एंड बेवरेजेज के साजिब खान और मेसर्स रमाकांत यादव (ऑटोमेटेड फ्लोर मिल) को भी आवंटन पत्र सौंपे गए।

नाइलिट गीडा स्टडी सेंटर के आदित्य शुक्ला, कुमारी प्रिया और निशा भारती को प्रमाण पत्र दिए गए। ओडीओपी मार्जिन मनी योजना के तहत मनोज कुमार गुप्ता को 10 लाख रुपये, प्रीति शुक्ला को 16 लाख रुपये और राजकुमार को 5 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत ज्ञानती देवी और ओडीओपी प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत कुमारी गौरी को टूलकिट प्रदान की गई।

'विकास से प्रदेश का कोई क्षेत्र अछूता नहीं'

एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बना रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश का कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहा है। बेहतर कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के कारण दुनिया भर के उद्योगपति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से यूपी में निवेश के लिए जमीन मांग रहे हैं।

गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने कहा कि आज प्रदेश में बहन-बेटियां सुरक्षित हैं, लेकिन जातिवादी राजनीति करने वाले इस बात को भूल जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में गोरखपुर पिछड़ा हुआ था और गीडा बंद बस्ते में पड़ा था। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में इसकी तस्वीर बदली है। रवि किशन ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी जताया।

सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले 10 वर्षों में गीडा को नोएडा की तर्ज पर विकसित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा-बसपा के गुंडाराज में उद्यमी यहां आने से कतराते थे, जबकि बीते 10 वर्षों में 500 से 600 कंपनियां स्थापित हुई हैं और सहजनवां का लगातार विकास हो रहा है।

समारोह में कई जनप्रतिनिधि और उद्यमी रहे मौजूद

कार्यक्रम में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, विधायक प्रदीप शुक्ला, विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, फतेह बहादुर सिंह, महेंद्र पाल सिंह और इंजीनियर श्रवण कुमार निषाद मौजूद रहे।

इसके अलावा बीजेपी क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, जगदंबिका श्रीवास्तव, दिलीप कुमार यादव सहित अधिकारी, उद्यमी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी समारोह में शामिल हुए।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story