गोरखपुर में 150 फरियादियों से मिले योगी, जमीन कब्जाने वालों पर एक्शन के निर्देश

CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जरूरतमंदों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।

Newstrack Network
Published on: 29 Nov 2026 11:51 AM IST
Yogi Adityanath
X

Yogi Adityanath

CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग जिलों से आए करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे और इलाज के लिए आर्थिक सहायता से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। इस पर सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि कमजोर लोगों को उजाड़ने और उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि जनता की हर समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

शनिवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास किया था। रविवार सुबह मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने जनता दर्शन का आयोजन किया गया। यहां कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के बीच मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक करके उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान पूरी संवेदनशीलता के साथ कराया जाएगा।


जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में जमीन पर कब्जा किए जाने से जुड़ी कई शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने आईं। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों की जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। सीएम योगी ने कहा कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

वहीं, जमीन से जुड़े पारिवारिक विवादों को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलग निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में आपसी संवाद के जरिए समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाए। साथ ही सभी पक्षों के बीच न्यायपूर्ण तरीके से हिस्सेदारी तय कराई जाए।


इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को दिया भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए सरकार की ओर से भरपूर मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फरियादियों के प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निर्देश दिया कि इलाज से जुड़े एस्टीमेट तैयार कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और उन्हें शासन के पास भेजा जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।


गोशाला में गोसेवा, गोवंश को अपने हाथों से खिलाया गुड़

जनता दर्शन से पहले रविवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने सबसे पहले गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचकर मत्था टेका।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ समय गोवंश के बीच बिताया। सीएम योगी ने गायों को दुलार किया और अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया। इस दौरान एक गोवंश को गुड़ खिलाने के बाद उन्होंने स्नेहिल अंदाज में पूछा, 'हो गया न, और खाएगा?'

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story