मेरी मां ने शेर पैदा किया..., कौन हैं सिपाही सुनील कुमार शुक्ला? जिसने अपने विभाग को ही ललकारा

Lucknow News: लखनऊ कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइंस में कथित भ्रष्टाचार, वसूली और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाने के बाद अब उनका तीसरा वीडियो सामने आया है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 11 May 2026 1:40 PM IST
Constable Sunil Kumar Shukla
X

Constable Sunil Kumar Shukla

Lucknow News: यूपी पुलिस के सिपाही सुनील कुमार शुक्‍ला इन दिनों अपने बयानों को लेकर काफी चर्चा में हैं। लखनऊ कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइंस में कथित भ्रष्टाचार, वसूली और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाने के बाद अब उनका तीसरा वीडियो सामने आया है। नए वीडियो में सिपाही ने दावा किया है कि देर रात उनके घर पर पुलिस ने दबिश दी और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है।

कुछ अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

वीडियो में सिपाही सुनील शुक्ला ने कहा कि रायबरेली और अमेठी स्थित उनके घरों पर पुलिस टीम पहुंची। उस समय घर में केवल उनकी बुजुर्ग मां और बहन थीं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि मेरी मां ने शेर पैदा किया है। गीदड़ नहीं। उन्होंने आगे कहा कि वह किसी से भी डरने वाले नहीं हैं और न ही झुकेंगे। क्या वह कोई आतंकवादी, नक्सली या हत्यारे हैं, जो रात में पुलिस छापा मार रही है।

सिपाही ने आगे कहा कि उनके ऊपर दबाव बनाकर उन्हें चुप कराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं। सुनील शुक्ला ने कुछ आईपीएस अधिकारियों को “काले अंग्रेज” बताते हुए कहा कि उनके कहने पर ही यह कार्रवाई की गई। सिपाही का आरोप है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार पहले से दुख में है।

किसी बड़ी साजिश की तैयारी: सिपाही

सिपाही ने यह भी दावा किया कि उनके खिलाफ किसी बड़ी साजिश की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें शांत कराना है तो उनकी हत्या करनी होगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि एक दूसरा रास्ता यह है कि पुलिस विभाग में फैले भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की जांच कराने और न्याय दिलाने की अपील की। सुनील शुक्ला ने खुद को भगत सिंह की विचारधारा से प्रेरित बताया। वह अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग इस मामले पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से इन आरोपों पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story