Deoria CMO News: सीएमओ पर प्रताड़ना के आरोप, देवरिया के 16 अधीक्षकों ने एक साथ छोड़ा पद

Deoria CMO News: देवरिया में स्वास्थ्य विभाग में बड़ा विवाद सामने आया है। 16 अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्साधिकारियों ने सीएमओ पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया।

Akriti Pandey
Published on: 8 Jun 2026 2:40 PM IST
Deoria CMO News
X

Deoria CMO News

Deoria CMO News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में स्वास्थ्य विभाग में उस समय हलचल मच गई जब जिले के 16 अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्साधिकारियों ने अपने प्रशासनिक पदों से सामूहिक इस्तीफा दे दिया। सभी अधिकारियों ने अपना इस्तीफा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को सौंपते हुए उन पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे अपने चिकित्सकीय दायित्वों का निर्वहन पहले की तरह करते रहेंगे और केवल प्रशासनिक पदों से इस्तीफा दिया है।

सीएमओ पर लगाए मानसिक उत्पीड़न के आरोप

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षक और प्रभारी चिकित्साधिकारी एक साथ सीएमओ आवास पहुंचे और अपना त्यागपत्र सौंप दिया। अपने पत्र में उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा लगातार मानसिक दबाव और उत्पीड़न किए जाने के कारण वे काफी परेशान और आहत हैं। इसी वजह से उन्होंने सामूहिक रूप से अपने प्रशासनिक पद छोड़ने का निर्णय लिया है। डॉक्टरों का कहना है कि वे सीमित संसाधनों और स्टाफ की कमी के बावजूद पूरी निष्ठा के साथ जनता को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

डॉक्टरों की कमी के बीच निभा रहे जिम्मेदारी

त्यागपत्र में उल्लेख किया गया है कि जिले में डॉक्टरों के कुल 215 स्वीकृत पद हैं, जबकि वर्तमान में केवल 103 चिकित्सक ही कार्यरत हैं। यानी आधे से भी कम डॉक्टरों के सहारे पूरे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था संचालित की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वे 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं, ओपीडी, आईपीडी, पोस्टमार्टम और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का सफल संचालन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है, जिससे उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है।

तबादलों से जोड़कर देखा जा रहा मामला

स्वास्थ्य विभाग के भीतर इस घटनाक्रम को हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि शनिवार को जिले के सात अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्साधिकारियों का स्थानांतरण किया गया था। इसके बाद ही सामूहिक इस्तीफे का मामला सामने आया है, जिससे विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

CMO ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं देवरिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि शासन के निर्देश पर तीन साल से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों का जिले के भीतर स्थानांतरण किया गया है। यह पूरी प्रक्रिया शासन के आदेशों के अनुरूप की गई है।

CMO ने कहा कि संबंधित अधिकारियों ने केवल अधीक्षक और प्रभारी चिकित्साधिकारी पद से इस्तीफा दिया है, न कि चिकित्सकीय सेवाओं से। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने अधीनस्थ चिकित्सकों को कार्यभार सौंपने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मानसिक प्रताड़ना के आरोप पूरी तरह गलत और बेबुनियाद हैं।

Akriti Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Akriti Pandey

Former Content Writer Mail ID - akritipandey7897@gmail.comakritipandey7897@gmail.com

Akriti Pandey is a journalist with more than three years of experience in the media industry. She holds a degree in Mass Communication and Journalism and specializes in writing on education, lifestyle, health, and astrology-related topics. Known for her reader-focused approach and engaging storytelling, Akriti is passionate about creating informative and accessible content. In her free time, she enjoys writing, sports, and traveling.

Next Story