TRENDING TAGS :
DDU Gorakhpur University: प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा को मिला कन्हैया सिंह शोध सम्मान-2026
DDU Gorakhpur University: राष्ट्रीय सुरक्षा, शोध और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा को कन्हैया सिंह शोध सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।
Deoria News: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के रक्षा एवं सामरिक अध्ययन विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित 'कन्हैया सिंह शोध सम्मान' से सम्मानित किया गया है। अकादमिक शोध, राष्ट्रीय सुरक्षा अध्ययन और सामाजिक विमर्श के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक एवं उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया।
देवरिया स्थित प्रेस्टिज संस्थान परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रो. सिन्हा को सम्मान स्वरूप मां वाग्देवी की प्रतिमा, श्रीफल, प्रशस्ति-पत्र तथा 26 हजार रुपये की सम्मान राशि भेंट की गई। यह सम्मान पिछले छह वर्षों से शिक्षा, शोध और सामाजिक अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्वानों को प्रदान किया जाता है।
प्रेस्टिज संस्थान के निदेशक शिव नारायण सिंह ने बताया कि इस वर्ष सम्मान के लिए चयन प्रक्रिया एक उच्चस्तरीय निर्णायक मंडल की देखरेख में संपन्न हुई। निर्णायक मंडल में भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी विजय प्रकाश श्रीवास्तव, अजय सैनी और अमर कुशवाहा शामिल रहे, जिन्होंने विभिन्न मानकों के आधार पर प्रो. सिन्हा का चयन किया।
लगभग 36 वर्षों के शिक्षण एवं शोध अनुभव वाले प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा राष्ट्रीय सुरक्षा, सामरिक मामलों, दक्षिण एशियाई राजनीति और मीडिया अध्ययन के विशेषज्ञ के रूप में देश-विदेश में पहचान रखते हैं। वे कोलंबो स्थित प्रतिष्ठित रीजनल सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक स्टडीज (RCSS) के फेलो भी रह चुके हैं। उनकी एक महत्वपूर्ण पुस्तक को भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
वर्तमान में प्रो. सिन्हा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गठित उत्तर प्रदेश की स्टेट स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य हैं। इसके अलावा वे विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की राष्ट्रीय सुरक्षा विषयक विशेष पाठ्यक्रम निर्माण समिति में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शिक्षा और शोध के साथ-साथ प्रो. सिन्हा ने लगभग तीन दशकों तक बीबीसी और इंडिया टुडे जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के लिए सक्रिय पत्रकारिता भी की है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें 'द्वारका प्रसाद अग्रवाल राष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान' से भी सम्मानित किया जा चुका है।
प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा को मिला यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि गोरखपुर विश्वविद्यालय और पूर्वांचल के शैक्षणिक जगत के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।


