मोहम्मदपुर मजरा में बदहाल ‘आश्रम रोड’, जर्जर सड़क और अंधेरे में जीने को मजबूर स्थानीय लोग

Lucknow Ashram Road Bad Condition: राजधानी के इंदिरानगर क्षेत्र के मोहम्मदपुर मजरा इलाके में स्थित आश्रम रोड की बदहाल स्थिति ने स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ा दी है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 5 April 2026 9:40 AM IST
Lucknow Ashram Road Bad Condition
X

Lucknow Ashram Road Bad Condition

Lucknow Ashram Road Bad Condition: राजधानी के इंदिरानगर क्षेत्र के मोहम्मदपुर मजरा इलाके में स्थित आश्रम रोड की बदहाल स्थिति ने स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। यह सड़क कई वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी है, लेकिन अब तक इसके निर्माण या मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नगर निगम क्षेत्र में आने के बावजूद यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव साफ दिखाई देता है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

पूरी तरह से उखड़ चुकी है आश्रम रोड की सड़क

करीब डेढ़ दशक पहले बनी आश्रम रोड की सड़क अब पूरी तरह से उखड़ चुकी है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और सड़क की सतह इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को चलाने में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाता है और सड़क का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।


इलाके में रोड लाइट न होने से लोग भयभीत

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के साथ-साथ इलाके में रोड लाइट की भी कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। रात के समय अंधेरा छा जाता है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी डर लगता है। खासकर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं। अंधेरे और खराब सड़क का यह संयोजन किसी भी बड़ी अनहोनी को न्योता दे सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आश्रम रोड पर एक प्राचीन मंदिर है। जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते है। मंदिर पहुंचने वाले बुजुर्गो को खराब सड़क के चलते काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।

लोगों में गहरी नाराजगी

इलाके में रहने वाले लोगों ने इस समस्या को लेकर कई बार क्षेत्रीय पार्षद को लिखित शिकायत भी दी है। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है और जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस उपेक्षा के कारण लोगों में गहरी नाराजगी है। उनका कहना है कि जब उनका क्षेत्र नगर निगम के अंतर्गत आता है, तो उन्हें भी अन्य क्षेत्रों की तरह बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और रोड लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि वे सुरक्षित और सुगम जीवन जी सकें।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story