लखनऊ में नशेड़ी दरोगा की करतूत! हजरतगंज चौराहे पर तोड़ी बैरिकेडिंग, चढ़ाई कार; DCP से भी उलझा

Lucknow News: नए साल के जश्न के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक दरोगा नशे की हालत में कानून व्यवस्था के लिए खुद ही खतरा बन गया।

Shishumanjali kharwar
Published on: 1 Jan 2026 10:18 AM IST
Lucknow News
X

Lucknow News

Lucknow News: लखनऊ में नए साल के जश्न के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक दरोगा नशे की हालत में कानून व्यवस्था के लिए खुद ही खतरा बन गया। 1 जनवरी की रात करीब 12:30 बजे नशे में धुत दरोगा कार चलाते हुए हजरतगंज चौराहे पर पहुंचा, जहां न्यू ईयर सेलिब्रेशन को देखते हुए सख्त ट्रैफिक डायवर्जन और बैरिकेडिंग की गई थी। भीड़ अधिक होने के कारण पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रखे थे, लेकिन दरोगा ने बिना रुके बैरिकेडिंग पर ही कार चढ़ा दी।

सिविल ड्रेस में था कार सवार दरोगा

मौके पर तैनात सिपाहियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन स्थिति काबू से बाहर होती चली गई। कार सवार दरोगा सिविल ड्रेस में था और नशे के चलते बेहद आक्रामक व्यवहार कर रहा था। उसने शीशा खोलकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्र भाषा में बात की और धमकाने लगा। आरोप है कि रोकने के इशारे के बावजूद उसने जानबूझकर वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे ड्यूटी पर मौजूद दरोगा सीआई आशुतोष त्रिपाठी बाल-बाल बच गए। अचानक हुई इस हरकत से मौके पर अफरातफरी मच गई।

घटना के बाद आरोपी दरोगा कार लेकर महानगर की ओर भागने लगा। आगे तैनात पुलिस बल ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने वहां भी बैरिकेडिंग तोड़ दी। हालांकि सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर कुछ ही दूरी पर वाहन को रोक लिया। इस दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाना पड़ा। सूचना मिलने पर डीसीपी मौके पर पहुंचे और उन्होंने दरोगा से सवाल-जवाब शुरू किए।

दरोगा ने डीसीपी से भी की बदतमीजी

नशे में धुत दरोगा ने डीसीपी से भी बदतमीजी कर डाली और उन्हें धमकाने की कोशिश की। हालांकि जैसे ही डीसीपी ने अपना परिचय दिया, दरोगा के तेवर अचानक बदल गए। कुछ देर पहले तक रौब झाड़ रहा दरोगा हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। लेकिन उसकी माफी काम नहीं आई। पुलिस ने उसे कार से उतारा और घसीटते हुए जीप में बैठाकर हजरतगंज कोतवाली भेज दिया। पूरी घटना हजरतगंज के मुख्य चौराहे पर हुई, जहां बड़ी संख्या में आम लोग और पुलिस बल मौजूद था। इस घटना ने पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

Former Content Writer Mail ID -Shishulko@gmail.comShishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story