UP School Closed: भीषण गर्मी का तांडव! इस जिले में 12वीं तक के स्कूल 25 मई तक बंद, DM ने दिये आदेश

UP School Closed: वाराणसी में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 12वीं तक के सभी स्कूलों को 25 मई तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 19 May 2026 7:39 AM IST
UP School Closed
X

UP School Closed

UP School Closed: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। कई शहर इन दिनों आग की भट्टी जैसे तप रहे हैं और लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तेज गर्म हवाओं के जारी रहने की चेतावनी जारी की है। सरकार ने भी लोगों से अपील की है कि पर्याप्त सावधानी बरतें। अत्यधिक जरूरत होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलें।

वाराणसी में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने 12वीं तक के सभी स्कूलों को 25 मई तक बंद रखने का आदेश जारी कर दिया है। इस आदेश के तहत परिषदीय विद्यालयों के साथ-साथ माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य सभी बोर्डों के स्कूलों में शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वाराणसी का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

सोमवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे पूरा शहर दिनभर तपता रहा। सुबह 9 बजे के बाद से ही गर्मी ने विकराल रूप धारण कर लिया और देर रात तक राहत नहीं मिल सकी। लू की रफ्तार 42 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। खासतौर पर रिक्शा चालक, ऑटो चालक, फुटपाथ दुकानदार और बाहर काम करने वाले मजदूरों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।

सुबह के समय हल्के बादल और ठंडी हवा से लोगों को थोड़ी राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन यह राहत ज्यादा देर नहीं टिक सकी। सुबह 6:30 बजे के बाद आसमान साफ हो गया और तेज धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार सुबह 10 बजे तक तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया था। केवल दो घंटों में तापमान में 11 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

शाम के समय भी गर्मी का असर कम नहीं हुआ। रात 9 बजे के बाद तक लोग उमस और तपिश से परेशान रहे। न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक था। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है और आने वाले दिनों में सतर्क रहने की जरूरत है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story