TRENDING TAGS :
खुर्जा सुपर थर्मल पावर परियोजना की दूसरी इकाई की शुरूआत, प्रदेश की औद्योगिक प्रगति को मिलेगी रफ्तार
Lucknow News: खुर्जा सुपर थर्मल पावर परियोजना से उत्पादित कुल बिजली का 65 प्रतिशत हिस्सा राज्य को मिलेगा।
Khurja Super Thermal Power Project (Photo: Social Media)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र में नई और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। बुलंदशहर जिले के खुर्जा में स्थित 1320 मेगावाट की खुर्जा सुपर थर्मल पावर परियोजना की दूसरी इकाई (660 मेगावाट) का संचालन विधिवत रूप से शुरू हो गया है। इस परियोजना का वर्चुअल उद्घाटन केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर और उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
राज्य को बिजली का 65% हिस्सा
नई इकाई के शुरू होने से उत्तर प्रदेश की बिजली आपूर्ति में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है, परियोजना से उत्पादित कुल बिजली का 65 प्रतिशत हिस्सा राज्य को मिलेगा। इससे न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलेगी, बल्कि प्रदेश के उद्योगों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। ऊर्जा की इस उपलब्धता से राज्य में औद्योगिक विकास और आर्थिक प्रगति को नई गति मिलने की संभावना है।
प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने परियोजना को राज्य की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह इकाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के सपने को साकार करने में मदद करेगी। इस परियोजना से प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा और औद्योगिक निवेश को मजबूती मिलेगी।
खुर्जा थर्मल पावर परियोजना
खुर्जा सुपर थर्मल पावर परियोजना की इस इकाई को ताप विद्युत उत्पादन के लिए आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। यह प्रदेश को ऊर्जा संपन्न, आत्मनिर्भर और औद्योगिक रूप से सशक्त बनाने में एक मील का पत्थर साबित होगी। इसका सफल संचालन राज्य के विकास की गति को और तेज करेगा। इस परियोजना की पहली इकाई पहले से ही सफलतापूर्वक संचालित हो रही है, जिससे राज्य की बिजली आपूर्ति में लगातार सुधार हो रहा है।


