TRENDING TAGS :
Etah News: खाने को लेकर विवाद के बाद 21 वर्षीय नीतू ने फंदे से लटककर जान दी, मासूम ने खोई मां
Etah News: में खाने को लेकर हुए विवाद के बाद 21 वर्षीय नीतू ने फंदे से लटककर जान दे दी। घटना से परिवार में मातम छा गया।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: एटा जिले के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में घटी एक घटना में घर-गृहस्थी की छोटी-मोटी नोकझोंक कब जानलेवा साबित हो जाए, इसका एक हृदयविदारक मामला एटा जिले में सामने आया है। मामूली सी बात पर उपजे मनमुटाव ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव वारथर में रविवार देर रात शुरू हुई तकरार के बाद 21 वर्षीय विवाहिता नीतू ने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस आत्मघाती कदम से न केवल परिवार में मातम पसरा है, बल्कि मृतका के दो वर्ष के मासूम बेटे के सिर से हमेशा के लिए मां का आंचल भी छिन गया है।
खाने की बात पर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, मृतका नीतू का विवाह करीब 5 वर्ष पूर्व गांव वारथर निवासी सुगंध के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। सुगंध नोएडा में रहकर मजदूरी करता है। वह रविवार की रात जब काम खत्म कर घर लौटा, तो उसने नीतू से खाना बनाने के लिए कहा। इस बात पर नीतू ने नाराजगी जताई और कहा कि वह खुद बनाकर खा ले। इस पर सुगंध नाराज होकर कमरे में सोने चला गया। कुछ देर बाद नीतू ने आकर कहा कि उसने खुद खाना बना लिया है और आवेश में आकर वह 'मरकर दिखाने' की बात भी कहने लगी।
सुबह फंदे पर झूलता मिला शव
पति के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे नीतू कमरे के अंदर पंखे के सहारे फंदे पर लटकी हुई मिली। फंदे पर शव देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। बदहवास परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉग स्क्वाड व फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली देहात प्रभारी कृष्णकांत लोधी और सीओ सिटी कीर्तिका सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की तहकीकात के लिए फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से अहम भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


