Etah News : वर्षों के इंतजार के बाद मिली जमीन, अलीगंज में बनेगी नई पुलिस चौकी और सीओ कार्यालय

Etah News : अलीगंज में वर्षों की मांग पूरी, पुलिस चौकी और सीओ कार्यालय निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरित, कानून व्यवस्था होगी मजबूत।

Sunil Mishra
Published on: 8 Jun 2026 9:32 PM IST
Etah News : वर्षों के इंतजार के बाद मिली जमीन, अलीगंज में बनेगी नई पुलिस चौकी और सीओ कार्यालय
X

Etah News

Etah News : एटा जनपद की तहसील अलीगंज क्षेत्र में वर्षों से लंबित मांग के बाद आखिरकार अलीगंज क्षेत्र को नई पुलिस चौकी और क्षेत्राधिकारी (सीओ) कार्यालय निर्माण के लिए भूमि मिल ही गई है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के विशेष प्रयासों से भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब अलीगंज में पुलिस चौकी, सीओ कार्यालय और आवास निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इससे क्षेत्र की कानून व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ आम लोगों को बेहतर पुलिस सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन व ने बताया कि अलीगंज क्षेत्र में लंबे समय से पुलिस चौकी और क्षेत्राधिकारी कार्यालय के लिए उपयुक्त भूमि की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। पर्याप्त स्थान न होने के कारण पुलिस प्रशासन को कई तरह की व्यवस्थागत चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था। अब भूमि उपलब्ध होने के बाद वर्षों से चली आ रही यह मांग पूरी होती दिखाई दे रही है।

जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि हाल ही में पुरानी तहसील परिसर स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय के निरीक्षण के दौरान शासकीय कार्यों के लिए भूमि की आवश्यकता का विषय सामने आया था। इसके बाद 6 जून को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ इस विषय पर चर्चा की गई और मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए राजस्व अभिलेखों का परीक्षण कराया गया।

प्रशासन द्वारा तहसील अलीगंज के परगना आजमनगर स्थित ग्राम अलीगंज बाहर चुंगी की गाटा संख्या 3249 की उपलब्ध भूमि में से 0.324 हेक्टेयर भूमि पुलिस विभाग को हस्तांतरित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसी भूमि पर क्षेत्राधिकारी कार्यालय, आवास और नई पुलिस चौकी का निर्माण प्रस्तावित है किया जाएगा।

स्थानीय लोगों का मानना है कि नई पुलिस चौकी बनने से क्षेत्र में पुलिस की पहुंच और निगरानी मजबूत होगी, अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी। भूमि हस्तांतरण के बाद अब लोगों की नजर निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी है।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story