Etah News: ईंट ट्रैक्टर चालकों से रंगदारी टैक्स वसूली करने वाला युवक गिरफ्तार, जेल भेजा

Etah News: ईंट ढोने वाले ट्रैक्टर चालकों से अवैध रूप से रंगदारी टैक्स वसूलने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Sunil Mishra
Published on: 18 Jun 2026 2:13 PM IST
Etah News
X

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: कोतवाली नगर पुलिस ने बीते दिन ईंट लदे ट्रैक्टरों के चालकों से कथित रूप से अवैध रंगदारी वसूलने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार एटा शिकोहाबाद रोड पर ईंट व मिट्टी लेकर शिकोहाबाद व फिरोजाबाद में रोड पर आने-जाने वाले ट्रैक्टर चालकों से एक युवक द्वारा लंबे समय से अवैध वसूली किए जाने की शिकायत पुलिस को मिल रही थी। आरोप है कि आरोपी प्रति ट्रैक्टर करीब दो हजार रुपये की रंगदारी मांगता था और भुगतान न करने पर अवैध दबाव बनाता था। इससे चालक वर्ग में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जि. के कार्यवाही के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक दबंग आरोपी आशुतोष चौहान को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित चौथ वसूली की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

कार्यवाहक निरीक्षक कोतवाली नगर अजब सिंह ने बताया कि पुलिस को काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि एक युवक शिकोहाबाद रोड की ओर जाने वाले ट्रैक्टरों से डरा धमका कर अवैध वसूली कर रहा है। पूछताछ में सामने आया कि वह कभी स्वयं को अधिकारी तो कभी आरटीओ विभाग से जुड़ा व्यक्ति बताकर चालकों को भ्रमित करता था। आरोपी नगद के साथ-साथ ऑनलाइन भुगतान भी स्वीकार करता था तथा कुछ वाहनों से मासिक आधार पर कथित "एंट्री" के नाम पर भी वसूली करता था।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि इस अवैध वसूली के नेटवर्क में कुछ अन्य अराजक तत्वों की भी संलिप्तता है। मामले की जांच जारी है। एसएसपी डॉ. इलामारन ने कहा कि जनपद में किसी को भी रंगदारी, अवैध टैक्स या वसूली नहीं करने दी जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और आमजन को भयभीत कर अवैध लाभ कमाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story