TRENDING TAGS :
Etah News: घर में घुसकर महिला पर जानलेवा हमला, करंट लगाने और दुष्कर्म के आरोप, तलाश में जुटी पुलिस
Etah News: एटा के अवागढ़ क्षेत्र में महिला पर हमले के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता का उपचार जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
घर में घुसकर महिला पर जानलेवा हमला, करंट लगाने और दुष्कर्म के आरोप, तलाश में जुटी पुलिस (Photo- Social Media)
Etah News: एटा जनपद के अवागढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक महिला पर घर में घुसकर किए गए कथित जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने आरोपी पर महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने, बिजली का करंट लगाकर झुलसाने, मारपीट करने तथा जूते के फीते से गला कसकर हत्या का प्रयास करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सोती हुई महिला पर गांव के युवक ने किया दुष्कर्म
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार देर रात करीब एक बजे की है। महिला अपने घर में सो रही थी, तभी गांव का ही एक युवक पीछे के दरवाजे से घर में घुस आया। आरोप है कि उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया, विरोध करने पर उसकी पिटाई की और बिजली का करंट लगाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद जूते के फीते से गला कसकर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब महिला का चार वर्षीय बेटा शोर सुनकर बाहर आया। बच्चे की आवाज सुनकर परिजन जाग गए, जिनकी आहट मिलते ही आरोपी मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची अवागढ़ थाना पुलिस ने बेहोश महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने लगाया आरोप
महिला के जेठ ने पुलिस को दी गई तहरीर में गांव निवासी सनी यादव पुत्र सुरेंद्र को नामजद आरोपी बनाया है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी और उसके परिजन फरार हैं।
वहीं प्रभारी निरीक्षक प्रेम पाल सिंह ने बताया कि प्रकरण के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। घटना की वास्तविकता की निष्पक्ष जांच की जायेगी।


