TRENDING TAGS :
Etah News: चलती सरकारी एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, रास्ते में बच्ची का सुरक्षित जन्म
Etah News: एटा में सरकारी 108 एंबुलेंस में प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती महिला ने रास्ते में एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। ईएमटी और पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित प्रसव कराया गया, जिसके बाद जच्चा और बच्चा दोनों को सीएचसी सकीट में भर्ती कराया गया।
Etah News
Etah News: एटा में सरकारी 108 एंबुलेंस सेवा एक बार फिर जीवनदायिनी साबित हुई। प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकीट ले जाते समय रास्ते में ही प्रसव पीड़ा तेज हो गई। स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस में तैनात ईएमटी और पायलट ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए सुरक्षित प्रसव कराया।
जानकारी के अनुसार, सकीट क्षेत्र के गांव पुरा निवासी मुस्कान, पत्नी आमिर, को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने सरकारी एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस महिला को सीएचसी सकीट लेकर जा रही थी, तभी रास्ते में प्रसव का दर्द और प्रसव शुरू हो गया।चालक ने स्थति भांपते हुए एम्बुलेंस को साइड से खड़ा कर लिया।एंबुलेंस में मौजूद ईएमटी ने आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाते हुए सुरक्षित प्रसव कराया, जबकि पायलट ने वाहन को सुरक्षित ढंग से संचालित करते हुए सहयोग किया। महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
बाद में जच्चा और बच्चा दोनों को आगे की देखरेख के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकीट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों की हालत सामान्य बताई।बच्ची के जन्म की सूचना मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों ने एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता और सेवा भावना की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। सरकारी एंबुलेंस सेवा की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपयोगिता साबित हुई।


