Etah News: भरत तिवारी एनकाउंटर पर उबाल, फांसी व एक करोड़ मुआवजे की मांग

Etah News: एटा के शहीद पार्क में सर्वसमाज ने कैंडल मार्च निकालकर भरत तिवारी एनकाउंटर का विरोध किया, दोषियों को फांसी, परिवार को मुआवजा व सुरक्षा की मांग उठाई।

Sunil Mishra
Published on: 21 Jun 2026 10:55 PM IST
Bharat Tiwari encounter
X

भरत तिवारी एनकाउंटर पर उबाल, फांसी व एक करोड़ मुआवजे की मांग (Photo- Newstrack)

Etah News: एटा बिहार के भोजपुर में हुए भरत तिवारी के कथित पुलिस एनकाउंटर को लेकर उत्तर प्रदेश के एटा जनपद मुख्यालय पर आज बाह्ममण समाज के नेतृत्व में विभिन्न समाजों का भारी आक्रोश देखने को मिला। आज सायं 7 बजे स्थानीय शहीद पार्क में ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्य समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया।

सैकड़ों की संख्या में मौजूद लोगों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा के सामने मोमबत्तियां (कैंडल) जलाकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और बिहार प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलनकारियों ने आरोपी पुलिसकर्मियों को फांसी की सजा देने, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा प्रदान करने तथा परिजनों को तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने की पुरजोर मांग की।

दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग

ब्राह्मण समाज के भूदेव मिश्रा व हरेन्द्र मोहन सारस्वत ने इस घटना को सीधे तौर पर एक सोची-समझी हत्या करार दिया। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस और वहां के प्रशासन ने मिलकर एक बेकसूर की जान ली है। फर्जी एनकाउंटर करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर उन्हें फांसी के फंदे तक पहुंचाया जाना चाहिए।



वैश्य एकता परिषद के राजेश गुप्ता ने कहा कि यह केवल ब्राह्मण समाज के एक व्यक्ति का एनकाउंटर नहीं है, बल्कि देश ने एक सच्चे और जांबाज लाल को खोया है जो अपनी जान जोखिम में डालकर समाज के हर वर्ग के हित और न्याय के लिए लड़ाई लड़ता था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भरत तिवारी ने अपने हथियार डाल दिए थे, तो उन्हें गिरफ्तार करने के बजाय सीधे गोली क्यों मारी गई? उनका घर आज भी टूटा-फूटा है, जो यह साबित करता है कि वह स्वार्थ से परे होकर समाज के कल्याण के लिए संघर्ष कर रहे थे।

ब्राह्मण समाज के युवा नेता अभिनव मिश्रा ने बिहार प्रशासन के उस दावे को खारिज किया जिसमें भरत तिवारी को मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। अभिनव ने याद दिलाया कि कोरोना काल के दौरान भरत तिवारी ने स्वयं माननीय प्रधानमंत्री जी को पत्र लिखकर अपनी जान जोखिम में डालते हुए वैक्सीन ट्रायल के लिए पहला स्वयंसेवक बनने की पेशकश की थी। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार रामराज का ढोंग रचकर वास्तव में रावण जैसा कृत्य कर रही है।

भरत तिवारी के पैतृक गांव का दौरा करेगा सर्वसमाज प्रतिनिधिमंडल

वहीं, क्षत्रिय समाज के सुधीर राघव ने कहा कि सर्वसमाज का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही भरत तिवारी के पैतृक गांव का दौरा करेगा और इस तानाशाहीपूर्ण कार्रवाई का देश की जनता करारा जवाब देगी।

शहीद पार्क में एक क्रिकेट लोगों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा के आगे विहार सरकार व पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाये और कैंडिल मार्च निकाला इस मौके पर प्रमुख रूप से सुनील मिश्रा, शंभू शरण मिश्रा, अनिल दुवे, अंकुर मिश्रा बृजेश मिश्रा, अक्षित मिश्रा आदि सैकड़ो लोगों ने भाग लिया।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story