TRENDING TAGS :
Etah News: वाहन से बचने में बाइक अनियंत्रित, छह माह की बच्ची की दवा दिलाने जा रही विवाहिता की मौत
Etah News: एटा में सामने आए वाहन से बचने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में 21 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: कोतवाली नगर क्षेत्र में मंडी समिति के पास रविवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय विवाहिता की गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान शिवानी के रूप में हुई है। वह थाना बागवाला क्षेत्र के गांव मैनाठेर की रहने वाली बताई गई है। बताया गया है कि शिवानी अपने पति अजय और सास के साथ बाइक से अपनी छह माह की बीमार बच्ची को दवा दिलाने के लिए एटा आ रही थी। इसी दौरान उनकी बाइक कोतवाली नगर क्षेत्र में मंडी गेट के पास पहुंची।
बताया गया कि मंडी समिति के पास अचानक सामने से एक वाहन आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और शिवानी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम ने घायल शिवानी को उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शिवानी की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पवार ने बताया कि मंडी गेट के पास बाइक अनियंत्रित होने से महिला के घायल होने की सूचना मिली थी। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया घटना के समय बाइक पर तीन लोग सवार थे जिस कारण बाइक का संतुलन बिगड़ा और गिरने से इतनी बड़ी घटना घटित हो गई


