TRENDING TAGS :
Etah News: आवारा सांड का हमला, किसान को पटक-पटक कर मार डाला, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
Etah News: एटा के राजगढ़ गांव में मक्का की फसल बचा रहे किसान धर्मेंद्र पर आवारा सांड ने हमला कर दिया, इलाज से पहले मौत होने पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
Etah News: एटा उत्तर प्रदेश एटा जनपद से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ आवारा पशुओं का आतंक अब इंसानी जिंदगी पर भारी पड़ने लगा है। जिले के अवागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम राजगढ़ में एक आवारा सांड ने खेत पर काम कर रहे 40 वर्षीय किसान पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है और स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ गहरा असंतोष व्याप्त है।
मक्का की फसल की रखवाली कर रहे किसान को सांड ने मारा
प्राप्त विवरण के अनुसार, राजगढ़ निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र अपने खेत में लगी मक्का की फसल की रखवाली करने गए थे। क्षेत्र में आवारा पशुओं द्वारा लगातार फसलों को नष्ट किया जा रहा है, जिससे परेशान होकर धर्मेंद्र अपनी फसल को बचाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक हिंसक आवारा सांड ने उन पर धावा बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सांड ने धर्मेंद्र को संभलने का मौका भी नहीं दिया और उन्हें सींगों से उठाकर जमीन पर बुरी तरह पटक दिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने बमुश्किल सांड को खदेड़ा और गंभीर रूप से लहूलुहान धर्मेंद्र को आनन-फानन में एटा के मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।
क्षेत्र में घूम रहे हिंसक आवारा पशु
हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अवागढ़ थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित टपुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद क्षेत्र में घूम रहे हिंसक आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, जिसके कारण आज यह बड़ा हादसा हुआ।


