Etah News: एटा में चकबंदी धांधली का आरोप, ग्रामीणों का धरना; निष्पक्ष जांच की मांग

Etah News: एटा के ग्राम अखतौली में चकबंदी योजना में धांधली के आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और योजना निरस्त करने की मांग की।

Sunil Mishra
Published on: 15 May 2026 3:21 PM IST
Etah News
X

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: ग्राम अखतौली में प्रस्तावित चकबंदी योजना में कथित अनियमितताओं और अवैधानिकताओं को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय (कलेक्ट्रेट) के बाहर धरना प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन तथा चकबंदी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान ग्रामीण जिलाधिकारी अरविंद सिंह के मुख्य गेट पर ही धरने पर बैठ गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि पूरे मामले की कराई गई जांच एकतरफा और केवल औपचारिकता भर है। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए वर्तमान जांच रिपोर्ट पर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि जांच अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर कोई स्थलीय निरीक्षण नहीं किया और न ही प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। आरोप है कि जांच केवल बंद कमरों में अधूरे अभिलेखों के आधार पर तैयार कर ली गई।

ज्ञापन में सहायक चकबंदी अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया कि उन्होंने जानबूझकर अनियमितताओं को छिपाने और कुछ प्रभावशाली लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बंदोबस्त अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन सही ढंग से नहीं किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पूर्व ग्राम प्रधान द्वारा पहले ही चकबंदी समाप्त कराने की मांग उठाई गई थी, लेकिन जांच में उस तथ्य को नजरअंदाज कर दिया गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली, पूरे मामले की निष्पक्ष और ईमानदार अधिकारी से दोबारा जांच कराई जाए। दूसरी, ग्राम अखतौली की वर्तमान प्रस्तावित चकबंदी योजना को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। तीसरी, चक आपत्ति निस्तारण की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने ग्रामीणों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story