Etah News: पैसे के अभाव में बुझ गई मासूम की जिंदगी, झोलाछाप की दवा ने छीनी 5 साल की खुशी

Etah News: एटा में आर्थिक तंगी के चलते 5 वर्षीय मासूम की जान चली गई। परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर की गलत दवा को मौत की वजह बताया है।

Sunil Mishra
Published on: 17 May 2026 1:49 PM IST
Etah News
X

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां आर्थिक तंगी और लापरवाही के बीच पांच वर्षीय मासूम खुशी की जिंदगी हमेशा के लिए थम गई। पेट दर्द की शिकायत पर परिजन बच्ची को इलाज के लिए वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे, लेकिन हालत गंभीर बताकर डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन पैसों के अभाव में परिजन बच्ची को तुरंत अलीगढ़ नहीं ले जा सके और गांव लौटकर एक झोलाछाप डॉक्टर से दवा दिला दी, जिसके बाद उसकी हालत और बिगड़ गई।

बताया गया कि शनिवार देर रात अचानक खुशी के पेट में तेज दर्द उठा था। परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया। बच्ची के पिता आकाश जो मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था ने रेफर होने के बाद बच्ची के इलाज के लिए पैसों का इंतजाम करता रहा, लेकिन आर्थिक संकट के चलते बच्ची को अलीगढ़ ले जाने में ही देरी हो गयी। इसी दौरान गांव में ही एक झोलाछाप डॉक्टर से दवा दिला दी गई।

परिजनों के मुताबिक दवा खाने के कुछ ही देर बाद खुशी की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसे दोबारा मेडिकल कॉलेज लाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के उपचार की व्यवस्थाओं क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों की भूमिका और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा, “जब एटा में मेडिकल कॉलेज है तो इलाज क्यों नहीं मिला?” यह घटना स्वास्थ्य सुविधाओं और गरीब परिवारों की मजबूरी की कड़वी तस्वीर सामने ला रही है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story