Etah News: निःसंतान दम्पति की संदिग्ध मौत, आत्महत्या या कुछ और? हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

Etah News: एटा में निःसंतान दम्पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हर पहलू की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

Sunil Mishra
Published on: 27 May 2026 12:44 PM IST
Etah News
X

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव रशीदपुर में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों के शव गांव से लगभग 500 मीटर दूर खेत में एक पेड़ पर लटके मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, लेकिन घटनास्थल और परिस्थितियां कई अहम प्रश्न भी खड़े कर रही हैं।

मृतकों की पहचान लाखन सिंह के पुत्र भानु प्रताप (38 वर्ष) एवं उनकी पत्नी रामादेवी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दम्पति की शादी लगभग 14 वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन उनके कोई संतान नहीं थी। परिजनों के अनुसार संतान न होने के कारण दोनों मानसिक रूप से परेशान रहते थे तथा इलाज के लिए आगरा और अलीगढ़ तक जा चुके थे। वहीं घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने मौके का निरीक्षण कर सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन जांच के निर्देश दिए। पुलिस,ने फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि, रात्रि लगभग तीन बजे दो लोगों के शव पेड़ पर लटके होने की सूचना थाने को मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पति-पत्नी के संबंध अच्छे थे, लेकिन संतान न होने के कारण वे काफी परेशान रहते थे। मामले के अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार शाम रामादेवी चारा लेने खेत पर गई थीं जिसे लौटते किसी ने नहीं देखा इसके बाद उनके शव के पेड़ पर लटके होने की बात सामने आई। वहीं एक अन्य चर्चा यह भी है कि पत्नी को तलाशते हुए पहुंचे भानु प्रताप ने शव देखने के बाद स्वयं भी फांसी लगा ली। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि दोनों शव गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में स्थित पेड़ पर मिले। सवाल यह उठ रहा है कि जब दम्पति घर में अकेले रहते थे और उन पर किसी प्रकार की रोक-टोक नहीं थी, तो वे रात के समय इतनी दूर खेत तक क्यों पहुंचे? क्या वे स्वयं वहां गए थे या फिर उन्हें किसी अन्य परिस्थिति में वहां पहुंचना पड़ा? यह ऐसा प्रश्न है जिसका उत्तर जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह मौजूद है। क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेन्द्र कुमार का कहना है कि पहले पत्नी घर से गयी फिर पति खोजते हुये पहुंचे और पत्नी को पेड पर लटका देख आवेश में आकर पती भी उसके साथ फांसी के फंदे पर लटक गया । पुलिस का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी और सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story