TRENDING TAGS :
Etah News: डीजे पर डांस के दौरान चली गोली, दुल्हन का ममेरा भाई गंभीर घायल, बिना शादी लौटी बारात
Etah Firing Case: मामला थाना मारहरा क्षेत्र के गांव नगला भीम का है। यहां निवासी चरण सिंह की पुत्री आरती की शादी कासगंज के सोरों गेट क्षेत्र से आई बारात के साथ हो रही थी।
Etah Harsh Firing Case
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब डीजे पर डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में तब्दील हो गया। मारपीट के बीच हुई फायरिंग में दुल्हन के ममेरे भाई को गोली लग गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और दूल्हे समेत पूरी बारात बिना शादी किए ही वापस लौट गई।
मामला थाना मारहरा क्षेत्र के गांव नगला भीम का है। यहां निवासी चरण सिंह की पुत्री आरती की शादी कासगंज के सोरों गेट क्षेत्र से आई बारात के साथ हो रही थी। शादी समारोह में डीजे पर नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान डांस को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान भीड़ में शामिल एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली दुल्हन के ममेरे भाई आकाश के सीने में जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा और समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल आकाश को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ के वरुण ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मारहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। गोलीकांड के बाद दोनों पक्षों में तनाव फैल गया। विवाद और फायरिंग की घटना से नाराज दुल्हन पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दूल्हा और बारात बिना शादी किए ही वापस लौट गई।
थाना प्रभारी केके लोथी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर विष्णु समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। वहीं क्षेत्राधिकारी सदर शंकल्प दीप कुशवाहा ने बताया कि गोलीबारी के बाद माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था, जिसके चलते बारात वापस लौट गई। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


