TRENDING TAGS :
Etah News: औचक निरीक्षण में सख्त दिखे डीएम,अवैध कॉलोनियों और भू-माफियाओं पर कार्रवाई के निर्देश
Etah News: एटा में जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने विनियमित क्षेत्र कार्यालय का औचक निरीक्षण कर नक्शा स्वीकृति प्रक्रिया और लंबित मामलों की समीक्षा की।
Etah News
Etah News: जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विनियमित क्षेत्र कार्यालय का औचक निरीक्षण कर नक्शा स्वीकृति प्रक्रिया, कार्यालयीय व्यवस्थाओं तथा लंबित पत्रावलियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नक्शा स्वीकृति से संबंधित मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
जिलाधिकारी ने प्राप्त आवेदनों का गहनता से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय में अनुशासन और कार्य संस्कृति बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान डीएम ने अभियान चलाकर ऐसे भवन स्वामियों और भूखंड धारकों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जिनके मामले कंपाउंडिंग अथवा नक्शा स्वीकृति की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को नियमानुसार नक्शा स्वीकृत कराने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि उन्हें भविष्य में किसी कानूनी या प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने विनियमित क्षेत्र में विकसित हो रही कॉलोनियों और ले-आउट की भी समीक्षा की। उन्होंने बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के विकसित किए जा रहे ले-आउटों के संचालकों तथा भूखंड स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि नागरिकों को सड़क, पार्क, पेयजल, सीवर और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी कॉलोनियों का नियमानुसार विकास किया जाना आवश्यक है।डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि बिना स्वीकृति भूखंडों की बिक्री कर लोगों को गुमराह करने वाले भू-माफियाओं और अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ कठोर प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनपद में सुनियोजित शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए।


