Etah News: संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम का निर्देश, शिकायतों के निस्तारण में सत्यापन जरूरी

Etah News: एटा के जलेसर में संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम एम. अरुन्मोली ने शिकायतकर्ता से संवाद, स्थलीय सत्यापन और कार्रवाई के फोटो लगाने के निर्देश दिए।

Sunil Mishra
Published on: 3 Oct 2026 9:35 PM IST
Instruction of DM in entire resolution day, verification is mandatory in disposal of complaints
X

संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम का निर्देश, शिकायतों के निस्तारण में सत्यापन जरूरी (Photo- Newstrack)

Etah News: जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने शनिवार को जलेसर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर आख्या अपलोड करने तक सीमित नहीं होना चाहिए। जरूरत के अनुसार मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जाए और संबंधित शिकायतकर्ता से संवाद कर उसका फीडबैक भी लिया जाए। निस्तारण के बाद कार्रवाई से संबंधित फोटोग्राफ भी अनिवार्य रूप से संलग्न किए जाएं।

राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम से जांच के निर्देश

डीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस में मिली शिकायतों की प्रकृति के अनुसार राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर भेजकर स्थलीय जांच कराने को कहा। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस, मुख्यमंत्री पोर्टल, दैनिक जनसुनवाई, संपूर्ण समाधान दिवस या थाना दिवस के माध्यम से मिलने वाली हर शिकायत में शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

पूर्व शिकायतों की भी हुई समीक्षा

जिलाधिकारी ने पहले प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की और संबंधित शिकायतकर्ताओं से फोन पर फीडबैक लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना स्थलीय सत्यापन या शिकायतकर्ता से संवाद किए किए गए औपचारिक निस्तारण को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जलेसर तहसील में कुल 80 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 15 का मौके पर निस्तारण कराया गया। वहीं एटा सदर में एडीएम प्रशासन अजय नारायण सिंह की अध्यक्षता में 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह का मौके पर समाधान हुआ। अलीगंज में एडीएम वित्त एवं राजस्व चन्द्र प्रकाश पाठक की अध्यक्षता में 25 शिकायतें मिलीं और पांच का मौके पर निस्तारण कराया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने पुलिस संबंधी शिकायतें सुनीं और क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों को निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जलेसर में एसडीएम पीयूष रावत, सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story