Etah News: जनसुनवाई पर डीएम सख्त, 67 शिकायतों में 12 का मौके पर निस्तारण

Etah News: डीएम एम. अरुन्मोली ने अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए, शिकायतकर्ता से संवाद और स्थलीय सत्यापन के बाद ही कार्रवाई होगी।

Sunil Mishra
Published on: 21 Nov 2026 6:09 PM IST
DM Sakht on public hearing, disposal of 12 out of 67 grievances on occasion
X

जनसुनवाई पर डीएम सख्त, 67 शिकायतों में 12 का मौके पर निस्तारण (Photo- Newstrack)

Etah News: जनशिकायतों के निस्तारण में कागजी खानापूर्ति करने वाले अधिकारियों के लिए जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने सख्त संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में गुणवत्ता, पारदर्शिता और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोपरि है। शिकायतकर्ता से संवाद और आवश्यक स्थलीय सत्यापन के बिना किसी भी शिकायत का औपचारिक निस्तारण स्वीकार नहीं किया जाएगा। शनिवार को तीनों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

तहसील जलेसर में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें तत्काल मौके पर भेजकर स्थलीय जांच कराई। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित पक्षों से बातचीत, अभिलेखों का परीक्षण और वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई की जाए। निस्तारण के बाद कार्रवाई एवं मौके के फोटोग्राफ भी पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।

डीएम ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री पोर्टल, दैनिक जनसुनवाई, संपूर्ण समाधान दिवस और थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ता से स्वयं बात कर फीडबैक लें। पूर्व में निस्तारित शिकायतों पर भी उन्होंने फोन से शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर वास्तविक स्थिति जानी। लगातार जनसुनवाई और नियमित निगरानी के परिणामस्वरूप शिकायतों की संख्या में आ रही कमी को उन्होंने प्रशासन के प्रति जनविश्वास बढ़ने का सकारात्मक संकेत बताया। अधिकारियों को हिदायत दी कि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

एसएसपी इला मारन जि ने पुलिस संबंधी शिकायतें सुनकर क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता से कार्रवाई के निर्देश दिए।

तीनों तहसीलों में 67 शिकायतें

जलेसर में 27 शिकायतों में 5, एटा सदर में 25 में 4 तथा अलीगंज में 15 में से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को भेजी गईं।

इस दौरान एडीएम प्रशासन अजय नारायण सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व चन्द्र प्रकाश पाठक, एसडीएम जलेसर पीयूष रावत, सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार हेरेंश कर्दम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story