TRENDING TAGS :
Etah News: एटा में अब तक 275 लाइसेंसधारियों ने स्वेच्छा से समर्पित किए शस्त्र लाइसेंस
Etah News: एटा जिले में शस्त्र लाइसेंसों के स्वैच्छिक समर्पण अभियान के तहत अब तक 275 लाइसेंसधारियों ने अपने लाइसेंस जमा किए हैं। बृहस्पतिवार को तीन और लोगों ने जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के समक्ष सिंगल और डबल बैरल गन के लाइसेंस समर्पित किए।
Etah News
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में शस्त्र लाइसेंसों के स्वैच्छिक समर्पण अभियान के तहत अब तक 275 लाइसेंसधारियों ने अपने शस्त्र लाइसेंस समर्पित कर दिए हैं। जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।जिले में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत तीन और लाइसेंसधारियों ने जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के समक्ष अपने शस्त्र लाइसेंस स्वेच्छा से समर्पित किए।
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के मिलावली गांव निवासी जयपाल सिंह ने अपनी सिंगल बैरल गन का लाइसेंस समर्पित किया। वहीं, बागवाला थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी जयवीर सिंह और कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के दिनेश नगर निवासी आलोक सक्सेना ने अपनी-अपनी डबल बैरल गन के लाइसेंस जमा किए।जिलाधिकारी ने कहा कि जिन नागरिकों को अब शस्त्र रखने की आवश्यकता महसूस नहीं होती, वे स्वेच्छा से अपने लाइसेंस समर्पित करने के लिए आगे आ सकते हैं। इच्छुक लाइसेंसधारियों को समर्पण प्रक्रिया के संबंध में शस्त्र लिपिक मोहित के माध्यम से आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्वैच्छिक समर्पण से संबंधित प्राप्त प्रकरणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने कहा कि शस्त्र लाइसेंस का स्वैच्छिक समर्पण सामाजिक जिम्मेदारी, कानून के प्रति सम्मान और प्रशासन के प्रति विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि जिन लाइसेंसधारियों को अब शस्त्र रखने की आवश्यकता नहीं है, वे इस पहल में भागीदारी करें।प्रशासन का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के प्रयासों को और गति मिलेगी।


