TRENDING TAGS :
Etah News: एटा में सट्टे के कारोबार का वीडियो वायरल, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
Etah News: एटा में सट्टे के कारोबार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई और दावों पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो पुराना है, जबकि मामले की जांच जारी है।
Etah News
Etah News: जनपद एटा में अवैध सट्टे के कारोबार को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और अपराध नियंत्रण के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक कथित सटोरिया दिनदहाड़े खुलेआम सट्टे की खाईबाड़ी करता दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास कई लोग सट्टा लगाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो कोतवाली नगर क्षेत्र के मारहरा दरवाजा इलाके का है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार शहर के कई इलाकों में लंबे समय से सट्टे और जुए का कारोबार संचालित हो रहा है। चर्चा है कि रोजाना लाखों रुपये का सट्टा खिलाया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि कार्रवाई न होने के पीछे संरक्षण और महीनेदारी का खेल है, हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।मामले में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर अजब सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो नई नहीं, बल्कि 11 अप्रैल 2026 की है। उन्होंने कहा कि उक्त मामले में मुकदमा अपराध संख्या 165/26 कोतवाली नगर में उप निरीक्षक लोकेश कुमार द्वारा शमशुद्दीन उर्फ छुट्टन के खिलाफ पहले ही दर्ज किया जा चुका है।
वहीं पटियाली चौकी प्रभारी मोहित शर्मा ने बताया कि 17 मई को अभियान चलाकर चार सटोरियों को खाईबाड़ी करते हुए पकड़ा गया था। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में हरवीर, इब्राहिम, राकेश और अकील अहमद शामिल हैं, जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।यह कार्रवाई सट्टा कारोबार होने की पुष्टि करती है। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो अभी का ताजा बताया जा रहा है, जबकि पुलिस उसे पुराना बता रही है। ऐसे में वीडियो की वास्तविकता और पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल एटा मुख्यालय में खुलेआम सट्टे के कारोबार की चर्चाएं जोरों पर हैं और पुलिस की कार्रवाई को लेकर लोगों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हुई हैं।


