TRENDING TAGS :
Etah News: CMO कार्यालय में ओवरलोड से शॉर्ट सर्किट, 15 मिनट तक जलती रही पावर लाइन
Etah News: एटा CMO कार्यालय में ओवरलोड से बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट, 15 मिनट तक तेज आवाज के साथ चिंगारी; कर्मचारियों में मची भगदड़।
Etah News: जिला मुख्यालय स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में गुरुवार सुबह ओवरलोड के चलते बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से अफरा-तफरी मच गई। करीब 15 मिनट से अधिक समय तक पावर लाइन तेज आवाज के साथ शॉर्ट होती और जलती रही। तेज धमाकेनुमा आवाज सुनकर सीएमओ कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों में भगदड़ मच गई और लोग कार्यालय से बाहर निकल आए। घटना के दौरान पास स्थित मेडिकल कॉलेज में भी हड़कंप की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 10:45 बजे से 11 बजे तक बिजली की लाइन में लगातार शॉर्ट सर्किट होता रहा। इस दौरान लाइन से तेज आवाज निकलने के साथ चिंगारी और जलने जैसी स्थिति बनी रही। अचानक हुई घटना से कार्यालय में मौजूद लोग घबरा गए। कई लोग तत्काल बाहर निकल आए। शॉर्ट सर्किट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के क्षेत्र में भी लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
बताया गया कि सीएमओ कार्यालय की बिजली लाइन को दुरुस्त करने के लिए पिछले तीन दिनों से बिजली विभाग के कर्मचारी काम कर रहे हैं। इसके बावजूद गुरुवार को दोबारा शॉर्ट सर्किट की घटना सामने आने से विद्युत व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान कई लोग बिजली विभाग को फोन कर विद्युत आपूर्ति बंद कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन काफी देर तक बिजली नहीं काटी गई। इससे लोगों में और अधिक दहशत फैल गई।
अब सवाल यह उठ रहा है कि घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही जिम्मेदार है या सीएमओ कार्यालय में मौजूद ओवरलोड विद्युत भार। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन जिस तरह करीब 15 मिनट तक लाइन शॉर्ट होती रही, उससे बड़ा हादसा टलने से इंकार नहीं किया जा सकता। अधिकारियों से मामले की जांच कर विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित कराने की मांग की जा रही है।


