Etah News: एटा में युवक की पीटकर हत्या के मामले में तीन दोषियों को 7-7 साल की जेल

Etah News: एटा के सकीट थाना क्षेत्र में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में जिला न्यायालय ने तीन दोषियों को सात-सात साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। प्रत्येक दोषी पर 11,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

Sunil Mishra
Published on: 25 Nov 2026 7:00 PM IST
Etah News: एटा में युवक की पीटकर हत्या के मामले में तीन दोषियों को 7-7 साल की जेल
X

Etah News

Etah News: जिले के सकीट थाना क्षेत्र में लाठी-डंडों से पीटकर एक युवक की हत्या करने के मामले में एटा की जिला एवं सत्र न्यायालय में न्यायाधीश राकेश धर दुबे की अदालत ने तीन दोषियों को सात-सात वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने प्रत्येक दोषी पर 11,500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। पुलिस की प्रभावी पैरवी और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने यह फैसला सुनाया।

पुलिस के अनुसार, घटना 20 जून 2024 की है। सकीट थाना क्षेत्र के भगवंतपुर गांव में आरोपियों ने एक युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की थी। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के पिता ने थाना सकीट में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 93/2024 दर्ज किया था। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 34, 304 और 504 के तहत मामला पंजीकृत किया गया था।विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्य संकलित करते हुए भगवंतपुर निवासी नानकचंद पुत्र लीलाधर, रामकिशोर उर्फ किशोरीलाल पुत्र लीलाधर और राजेंद्र पुत्र किशोरीलाल को आरोपी बनाया। पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद 30 जुलाई 2024 को तीनों के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया था।

मामले को ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत चिह्नित किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा इलामारन जी के निर्देशन में मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन शाखा ने न्यायालय में प्रभावी पैरवी की। इसी के परिणामस्वरूप 25 नवंबर 2026 को जिला एवं सत्र न्यायालय, एटा ने तीनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सात-सात वर्ष के सश्रम कारावास और 11,500-11,500 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story